Chefs Slicing Challenge: हाथ में है डिजिटल तराजू! शेफ ने बिना नापे काट दी बिल्कुल सटीक वजन की सब्जी, वीडियो वायरल
Jun 16, 2026 3:20 PM
कहते हैं कि जब कोई हुनर रगों में बस जाता है, तो इंसान का पूरा शरीर किसी मशीन की तरह सटीक काम करने लगता है। सोशल मीडिया पर इन दिनों तहलका मचा रहा एक वीडियो इसी बात का जीता-जागता सबूत बनता दिख रहा है। वायरल क्लिप में नजर आ रहे शेफ ने अपनी उंगलियों और चाकू के ऐसे तालमेल का प्रदर्शन किया है कि देखने वाले सोच में पड़ गए हैं कि सामने कोई इंसान है या डिजिटल कंप्यूटर।
दरअसल, इस वीडियो में शेफ बिना किसी वजन कांटे के, सिर्फ अपने तजुर्बे के दम पर सब्जियों को बिल्कुल उसी वजन में काटते दिख रहे हैं, जिसकी मांग की गई थी। इस अनोखे कारनामे को देखकर इंटरनेट की जनता हैरान भी है और हैरान परेशान भी।
69 ग्राम की शर्त और बिल्कुल सटीक वार; एक ग्राम की चूक भी बनी चर्चा का विषय
इंटरनेट के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स, खासकर रेडिट पर लाखों बार देखे जा चुके इस वीडियो में दो पेशेवर शेफ आपस में एक पेचीदा चैलेंज लड़ते दिख रहे हैं। शर्त बेहद साधारण लेकिन करने में उतनी ही मुश्किल है—सब्जी का एक ऐसा टुकड़ा काटना है जिसका वजन पहले से तय हो, लेकिन काटते वक्त तराजू का इस्तेमाल नहीं करना है। वीडियो में एक शेफ पूरे आत्मविश्वास के साथ कहता है कि वह ठीक 69 ग्राम का टुकड़ा काटेगा।
इसके बाद जब वह सब्जी पर चाकू चलाता है और कटे हुए हिस्से को वजन मशीन पर रखा जाता है, तो कांटा ठीक 69 ग्राम पर जाकर रुकता है। वहीं, दूसरा शेफ जब पीछे से आई आवाज पर 58 ग्राम का टुकड़ा काटने की चुनौती लेता है, तो मशीन पर उसका वजन 57 ग्राम निकलता है। महज एक ग्राम का यह फासला शेफ के हुनर की गवाही खुद दे रहा है।
'सालों का रियाज' या 'कैमरे की बाजीगरी'? दो गुटों में बंटे सोशल मीडिया यूजर्स
इस वीडियो के सामने आने के बाद डिजिटल दुनिया में एक दिलचस्प बहस छिड़ गई है। हर वायरल वीडियो की तरह इसके पीछे की सच्चाई को लेकर भी लोग दो खेमों में बंट चुके हैं। अविश्वास जताने वाले यूजर्स का साफ कहना है कि यह वीडियो एडिटिंग की कलाकारी है।
कुछ आलोचकों का तर्क है कि शेफ ने कैमरे के पीछे दर्जनों गलत शॉट लिए होंगे और जब तुक्के से एक-दो बार वजन सही बैठ गया, तो उस हिस्से को एडिट करके रील बना दी गई। एक यूजर ने लिखा, "अगर वजन में 5-10 ग्राम का अंतर होता तो बात समझ आती, लेकिन बिल्कुल सटीक बैठ जाना मुमकिन नहीं लगता।"
अनुभव के पक्ष में आए लोग, कॉफी बीन्स का दिया उदाहरण
दूसरी तरफ, होटल इंडस्ट्री और खाना पकाने के शौकीन लोग इस कला को बिल्कुल मुमकिन मान रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि जो लोग सालों से किचन में दिन के 10-12 घंटे बिताते हैं, उनके हाथ ही तराजू बन जाते हैं। इस दावे के समर्थन में एक यूजर ने अपना निजी अनुभव साझा करते हुए लिखा, "मैं पिछले 16 सालों से हर सुबह अपने लिए कॉफी बीन्स नापता हूं।
मुझे रोज 18 ग्राम बीन्स चाहिए होती है, और आज आलम यह है कि मैं बिना देखे डिब्बे में हाथ डालता हूं तो उंगलियों में बिल्कुल 18 ग्राम बीन्स ही आती हैं।" फिलहाल यह वीडियो किस रेस्टोरेंट का है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इसने लोगों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर जरूर कर दिया है।