राजस्थान में ट्रॉली से लटका सरपंच का बेटा: रातभर से लापता युवक सुबह खेत में मृत मिला, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
Apr 11, 2026 4:50 PMबांसवाड़ा: बांसवाड़ा जिले के मोटागांव थाना क्षेत्र के नागवाला गांव में सरपंच के बेटे ने ट्रैक्टर ट्रॉली से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा गया। मृतक की पहचान टापरातलाई गांव निवासी गणेश लाल (26) के रूप में हुई, जो सरपंच प्रेमशंकर भगोरा का बेटा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात से था लापता
मोटागांव थाना प्रभारी रमेशचंद्र पाटीदार के अनुसार, गणेश शुक्रवार शाम को ट्रैक्टर लेकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
खेत में ट्रॉली से लटका मिला शव
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने नागवाला गांव के खेत में ट्रैक्टर ट्रॉली से युवक का शव लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान गणेश के रूप में की। बताया जा रहा है कि उसने ट्रॉली को हाइड्रोलिक से ऊपर उठाकर हुक में रस्सी बांधकर फंदा लगाया।
सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन कारणों का खुलासा अभी नहीं हुआ है।
हर पहलू से जांच जारी
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। मृतक के परिवार में पत्नी और एक बच्चा है, जिससे घटना के बाद घर में शोक का माहौल है।