वर्क-स्टडी वीजा के नाम पर 34.39 लाख की ठगी, तीन कंपनियों पर चार केस दर्ज
Feb 16, 2026 05:02 AMचंडीगढ़: शहर में विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाली इमिग्रेशन कंपनियों के खिलाफ शिकायतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा कार्रवाई में सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों के आधार पर तीन कंपनियों के विरुद्ध चार मामले दर्ज किए हैं। आरोप है कि एजेंटों ने वर्क और स्टडी वीजा दिलाने का झांसा देकर कुल 34.39 लाख रुपये हड़प लिए। पहली शिकायत रोहतक के दिनेश मलिक की है। उनका कहना है कि व्हाइट हॉर्स इमिग्रेशन से जुड़े अनुभव गर्ग और अन्य लोगों ने नौकरी के लिए विदेश भेजने का भरोसा दिलाया और उनसे 9.10 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी न तो वीजा मिला और न ही रकम वापस की गई।
इसी कंपनी के खिलाफ पटियाला के प्रताप सिंह ने भी केस दर्ज करवाया है। शिकायत के मुताबिक उनसे 15.90 लाख रुपये लिए गए, लेकिन वीजा प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। रकम वापसी की मांग करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। तीसरे मामले में पंचकूला की अमनदीप कौर ने न्यू पाथ ओवरसीज के संचालक नरेंद्र सिंह पर 3.39 लाख रुपये लेने के बाद वादा पूरा न करने का आरोप लगाया है। वहीं, सेक्टर-41 की एक महिला की शिकायत पर रेहल कंसल्टेंट्स की संचालक मोनिका रेहल, परमजीत सिंह व अन्य के खिलाफ स्टडी वीजा के नाम पर 6 लाख रुपये ऐंठने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने चारों शिकायतों पर बीएनएस और इमिग्रेशन कानून की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपितों से पूछताछ की जाएगी।