Chandigarh News: रचनात्मकता की रंगीन झलक, 70 कलाकृतियों के साथ एपीजे सत्या आर्ट फेस्टिवल 2026 का शुभारंभ
Feb 19, 2026
चंडीगढ़: शहर में चार दिवसीय ‘एपीजे सत्या आर्ट फेस्टिवल 2026 – क्रिएटिव कैस्केड्स’ की शुरुआत सेक्टर-16 स्थित शोभा सिंह आर्ट गैलरी, पंजाब कला भवन में आयोजित वार्षिक कला प्रदर्शनी के साथ हुई। इस फेस्टिवल का आयोजन एपीजे एजुकेशन द्वारा किया जा रहा है, जो इसके संस्थापक अध्यक्ष डॉ. सत्या पॉल की दूरदर्शी सोच से प्रेरित है। उनका मानना था कि शिक्षा के साथ कला को जोड़ना विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए बेहद जरूरी है, जिसकी झलक इस प्रदर्शनी में साफ दिखाई दे रही है।
इससे पहले यह फेस्टिवल ललित कला अकादमी, नई दिल्ली और बजाज आर्ट गैलरी, मुंबई में सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। वर्ष 2026 के इस संस्करण में लगभग 70 कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गई हैं, जिनमें पेंटिंग, ड्रॉइंग, मूर्तिकला, टैपेस्ट्री, ग्राफिक्स, मिक्स मीडिया और डिजिटल आर्ट जैसी विभिन्न विधाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में एपीजे कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स की प्रिंसिपल डॉ. नीरजा ढींगरा, एपीजे सत्य यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. विजय वीर सिंह, पंजाब ललित कला अकादमी के अध्यक्ष गुरदीप धीमान, चंडीगढ़ ललित कला अकादमी के अध्यक्ष भीम मल्होत्रा, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार मदन लाल और प्रसिद्ध कॉन्सेप्चुअल विजुअल फोटोग्राफर दीवान मन्ना सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस प्रदर्शनी में एपीजे समूह के छह संस्थानों — एपीजे सत्या यूनिवर्सिटी, एपीजे कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स, एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन, एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और एपीजे स्कूल इंटरनेशनल — के प्रोफेसर, शोधार्थियों और विद्यार्थियों की रचनात्मक कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गई हैं।
डॉ. सुचरिता शर्मा, निदेशक, एपीजे एजुकेशन ने बताया कि यह फेस्टिवल डॉ. सत्या पॉल की विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिसे सुषमा पॉल बर्लिया और डॉ. नेहा बर्लिया समर्पण के साथ आगे बढ़ा रही हैं। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6:30 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। इसका औपचारिक उद्घाटन वीरवार को पंजाब आर्ट्स काउंसिल के चेयरमैन स्वर्णजीत सिंह सावी द्वारा किया जाएगा।