सिडनी: तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी की शानदार गेंदबाजी से भारत ने रविवार को यहां वर्षा से प्रभावित पहले महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ-लुईस (डीएलएस) पद्धति के तहत 21 रन से हरा दिया। अरुंधति (22 रन पर चार विकेट), रेणुका सिंह (14 रन पर दो विकेट) और श्री चरणी (14 रन पर दो विकेट) की तूफानी गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलिया की टीम 18 ओवर में 133 रन पर ढेर हो गई।  भारत ने इसके जवाब में जब उप कप्तान स्मृति मंधाना (17 गेंद में नाबाद 16) और जेमिमा रोड्रिग्स (तीन गेंद में नाबाद नौ) की पारियों से 5.1 ओवर में 50 रन बनाए थे जब बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा जो दोबारा शुरू नहीं हो पाया।


भारत को इसके बाद विजेता घोषित किया गया क्योंकि 5.1 ओवर के बाद डीएलएस के तहत बराबरी का स्कोर 29 रन था। भारत ने एकमात्र विकेट शेफाली वर्मा (11 गेंद में 21 रन) के रूप में गंवाया जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया की नई कप्तान सोफी मोलिन्यु की गेंद पर अपना विकेट गंवाया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2.2 ओवर में 22 रन बनाकर तेज शुरुआती की लेकिन बेथ मूनी (05) ने रेणुका की गेंद को हवा में लहराकर कवर्स में स्मृति मंधाना को कैच थमा दिया।


दूसरी सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल (10 गेंद में 18 रन) भी इसके बाद क्रांति गौड़ (39 रन पर एक विकेट) की बाहर की ओर जाती गेंद को कट करने की कोशिश में विकेटकीपर ऋचा घोष को कैच दे बैठीं। एलिस पैरी (11 गेंद में 20 रन) और फोएबे लिचफील्ड (19 गेंद में 26 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 41 रन की तेज साझेदारी करके पारी को संभाला। हालांकि जब यह जोड़ी भारत के लिए खतरा बनने लगी तब कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अरुंधति की गेंद पर पीछे दौड़कर गोता लगाते हुए पैरी का शानदार कैच पकड़ा।


दीप्ति शर्मा (19 रन पर एक विकेट) ने एशले गार्डनर (04) को पवेलियन भेजा जबकि अरुंधति ने लिचफील्ड को ऋचा के हाथों कैच कराके 10वें ओवर की शुरुआत में मेजबान ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 80 रन कर दिया। जॉर्जिया वेयरहैम (19 गेंद पर 30) और निकोला कैरी (12) ने छठे विकेट के लिए 41 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। अरुंधति ने 14वें ओवर में जॉर्जिया को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा जबकि श्री चरणी ने अगले ओवर में निकोला की पारी का अंत किया। अरुंधति ने डार्सी ब्राउन (01) को बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया की पारी का अंत किया। मेजबान टीम ने अपने अंतिम पांच विकेट सिर्फ 12 रन पर गंवाए। ऑस्ट्रेलिया एक नए युग की शुरुआत कर रहा है क्योंकि जनवरी में टी20 टीम की कप्तान बनने के बाद सोफी टीम की कमान संभाल रही हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!