गुरुग्राम सुसाइड केस: 12वीं की छात्रा ने क्यों लिखा 17 बार सॉरी? सुसाइड नोट में युवक पर गंभीर आरोप
May 08, 2026 10:51 AM
गुरुग्राम। साइबर सिटी के पॉश इलाकों की चकाचौंध के पीछे किशोरियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गहरा सवाल खड़ा हो गया है। गुरुग्राम में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 17 साल की छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में सुसाइड कर लिया। जिस वक्त यह खौफनाक कदम उठाया गया, छात्रा घर पर अकेली थी। परिजनों के लौटने पर जब दरवाजा नहीं खुला, तो अनहोनी की आशंका हुई। अंदर का मंजर देख परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई; उनकी लाड़ली का शव पंखे से लटका हुआ था।
सुसाइड नोट में छलका दर्द: "सबकी नजरों में गलत बन चुकी हूं"
पुलिस को तफ्तीश के दौरान छात्रा के स्कूल बैग से दो पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। यह नोट किसी सुसाइड नोट से ज्यादा एक मासूम की बेबसी का दस्तावेज है। छात्रा ने लिखा, "मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा कि क्या करूं, मैं सबकी नजरों में गलत बन चुकी हूं। कोई मुझे समझ नहीं रहा। पापा, मैं कभी नहीं चाहती थी कि आपको रुलाऊं या आपको बुरा महसूस कराऊं।" नोट के आखिरी हिस्से में छात्रा ने अपनी व्यथा और पछतावे को 17 बार 'सॉरी' लिखकर व्यक्त किया है।
वॉट्सऐप चैट ने खोला राज, पीछा कर रहा था आरोपी
मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने छात्रा के मोबाइल की फॉरेंसिक जांच की। सूत्रों के मुताबिक, मोबाइल में कुछ ऐसी चैट मिली हैं जो सीधे तौर पर ट्यूशन जाने वाले एक युवक की ओर इशारा कर रही हैं। चैट से साफ पता चलता है कि आरोपी युवक छात्रा को काफी समय से परेशान कर रहा था और वह उससे पीछा छुड़ाने की कोशिश कर रही थी। सोशल मीडिया पर युवक की अन्य लड़कों के साथ हुई बातचीत भी सामने आई है, जिसमें वह मृतका के बारे में आपत्तिजनक और दोस्ती करने के दबाव जैसी बातें कर रहा है।
मेधावी थी बेटी, पिता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पिता संतोष प्रसाद अपनी बेटी की मौत के लिए पूरी तरह से उस युवक को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई में अव्वल थी और 10वीं में 60 फीसदी से ज्यादा अंक लाकर क्लास में टॉप किया था। वह अपने भविष्य को लेकर काफी गंभीर थी, लेकिन इस प्रताड़ना ने उसकी जान ले ली। दुखी पिता ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर भी नाराजगी जाहिर की है। उनका आरोप है कि पुलिस मामले में ढुलमुल रवैया अपना रही है और आरोपियों को बचाने या जानकारी छिपाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, पुलिस ने सुसाइड नोट और चैट को कब्जे में लेकर आरोपी युवक की तलाश तेज कर दी है।