Search

बहादुरगढ़ में सुदखोर ने ऑटो चालक का सरेआम कान काटा, PGI रेफर

May 04, 2026 10:48 AM

झज्जर। हरियाणा के बहादुरगढ़ से रूह कंपा देने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने कानून-व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में किराये के मकान में रहकर ऑटो चलाकर परिवार पालने वाले विशाल नाम के युवक को सूदखोरों ने न केवल बुरी तरह पीटा, बल्कि आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसका कान ही दांतों से काट डाला। चीखते-चिल्लाते पीड़ित को बचाने के बजाय आरोपी की माँ भी इस खूनी खेल में शामिल होकर उसे सरेआम सड़क पर लातों से कुचलती रही।

कर्ज चुकाने के बाद भी 'मोटे ब्याज' का खूनी खेल

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित विशाल ने अपनी जरूरतों के लिए कुछ पैसे उधार लिए थे। बताया जा रहा है कि वह मूल रकम से कहीं ज्यादा पैसा ब्याज के रूप में पहले ही लौटा चुका था, लेकिन सूदखोरों की भूख कम नहीं हुई। आरोपी लगातार विशाल पर और ज्यादा पैसे देने का दबाव बना रहे थे। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने बीच सड़क पर विशाल को घेर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विचलित करने वाले वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह आरोपी ने विशाल को दबोचा और जंगली जानवर की तरह उसके कान को काट लिया।

ट्रामा सेंटर की दहलीज पर भी नहीं थमी पिटाई

इस वारदात का सबसे काला पहलू यह रहा कि जब घायल विशाल को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया, तो आरोपियों का हौसला वहां भी कम नहीं हुआ। अस्पताल के बाहर भी आरोपी और उसकी माँ ने घायल को दोबारा निशाना बनाया और जमकर लात-घूंसे बरसाए। डॉक्टरों ने विशाल की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत पीजीआई रोहतक (PGI Rohtak) रेफर कर दिया है।

पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी

सरेराह हुई इस गुंडागर्दी के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। बहादुरगढ़ पुलिस ने वायरल वीडियो और पीड़ित के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। यह घटना साबित करती है कि बहादुरगढ़ में सूदखोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं कि उन्हें न तो पुलिस का डर है और न ही समाज का।

You may also like:

Please Login to comment in the post!