झज्जर में रफ्तार का कहर: रोडवेज बस ने स्कूटी सवार SPO को कुचला, ड्यूटी से घर लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
Mar 14, 2026 3:04 PM
झज्जर। जिले के बेरी-दुजाना मार्ग पर आज एक बार फिर तेज रफ्तार का खूनी खेल देखने को मिला। शनिवार को हरियाणा रोडवेज की एक बस और स्कूटी के बीच हुई भीषण टक्कर में पुलिस विभाग के एक जांबाज कर्मचारी ने अपनी जान गंवा दी। इस हादसे में विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) विजयभान की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर खून पसर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
गांव लौटते वक्त रास्ते में खड़ी थी 'मौत'
मूल रूप से गांव शेरिया के रहने वाले विजयभान बहादुरगढ़ डीसीपी कार्यालय में बतौर एसपोओ तैनात थे। परिजनों के मुताबिक, वह अपनी ड्यूटी खत्म कर दुजाना की तरफ से अपने गांव शेरिया लौट रहे थे। अभी वह बेरी-दुजाना रोड पर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। बस की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि विजयभान को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
परिजनों में मचा कोहराम, विभाग में शोक की लहर
हादसे की खबर जैसे ही गांव शेरिया और डीसीपी कार्यालय पहुंची, वहां मातम छा गया। विजयभान एक मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी थे। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग के साथी कर्मचारी भी स्तब्ध हैं। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रोडवेज बस काफी तेज गति में थी, जो हादसे का मुख्य कारण बनी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
जांच के घेरे में रोडवेज चालक की लापरवाही
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के वक्त बस की गति और चालक की लापरवाही के पहलुओं पर गहनता से गौर किया जा रहा है। बस को फिलहाल पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या हादसा ओवरस्पीडिंग की वजह से हुआ या फिर बस में कोई तकनीकी खराबी थी। फिलहाल, एक परिवार ने अपना सहारा और विभाग ने एक समर्पित कर्मचारी खो दिया है।