Search

बहादुरगढ़ की साम्या शिंगारी ने अहमदाबाद में रचा इतिहास, तैराकी नेशनल में जीते गोल्ड समेत 3 पदक

Apr 19, 2026 4:32 PM

बहादुरगढ़। खेलों की दुनिया में हरियाणा की बेटियां एक के बाद एक नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इसी कड़ी में बहादुरगढ़ की होनहार तैराक साम्या शिंगारी ने गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित 'अस्मिता वुमेन्स स्विमिंग नेशनल' प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। साम्या ने न केवल हरियाणा का नाम रोशन किया, बल्कि अपनी रफ्तार और टाइमिंग के दम पर एक ही प्रतियोगिता में तीन अलग-अलग श्रेणियों में पदक जीतकर इतिहास रच दिया है।

पानी की लहरों पर साम्या की 'स्वर्ण' गाथा

अहमदाबाद के तरणताल पर साम्या ने जिस एकाग्रता और गति के साथ तैराकी की, उसने खेल विशेषज्ञों को भी प्रभावित किया। साम्या ने 200 मीटर फ्रीस्टाइल इवेंट में अपनी सर्वश्रेष्ठ टाइमिंग निकालते हुए प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इसके बाद 400 मीटर और आई.एम. स्पर्धाओं में भी उन्होंने अपनी लय बरकरार रखी और सिल्वर व ब्रोंज मेडल जीतकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।

बहादुरगढ़ पहुंचने पर हरियाणा तैराकी संघ ने अपनी इस लाडली का भव्य स्वागत किया। भारतीय तैराकी संघ के उपाध्यक्ष अनिल खत्री ने फूल-मालाओं और नोटों की माला से साम्या का स्वागत करते हुए कहा कि हरियाणा की मिट्टी ने अब पानी के खेलों में भी अपना दबदबा बनाना शुरू कर दिया है।

"कोच और माता-पिता की मेहनत का नतीजा"

अपनी सफलता का श्रेय साम्या ने अपने कोच, माता-पिता और हरियाणा तैराकी संघ के सहयोग को दिया। साम्या ने बताया कि 'चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी' में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और कोच के मार्गदर्शन ने उन्हें नेशनल लेवल पर लड़ने के लिए तैयार किया। उन्होंने कहा कि उनका अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगा लहराना है।

ओलंपिक की राह पर हरियाणा के तैराक

अनिल खत्री ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन अब ओलंपिक स्तर की सुविधाएं मुहैया करा रहा है। बहादुरगढ़ की चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी में ओलंपिक साइज 'ऑल वेदर' पूल्स के कारण बच्चे अब साल भर अभ्यास कर पा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि शिवानी कटारिया जैसी तैराक पहले ही ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, और साम्या जैसे नए चेहरे इस परंपरा को और आगे ले जाएंगे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!