Search

Shahabad News: शाहाबाद कांग्रेस में बड़ा रिकॉर्ड: डॉ. प्रदीप गोयल लगातार 5वीं बार बने शहरी ब्लॉक प्रधान, 1998 से संभाल रहे कमान

Jun 17, 2026 3:00 PM

शाहाबाद। हरियाणा कांग्रेस के भीतर सांगठनिक नियुक्तियों के दौर के बीच कुरुक्षेत्र के शाहाबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ और जमीनी नेता डॉ. प्रदीप गोयल को एक बार फिर शाहाबाद शहरी ब्लॉक कांग्रेस की कमान सौंपी गई है। बुधवार को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा जारी की गई आधिकारिक सूची में डॉ. गोयल को लगातार पांचवीं बार शहरी ब्लॉक प्रधान पद पर बरकरार रखा गया है। दिलचस्प बात यह है कि डॉ. प्रदीप गोयल साल 1998 से, यानी पिछले करीब पौने तीन दशकों से लगातार इस पद पर काबिज हैं, जो उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ को दर्शाता है।

विधायक बोले- इस जिम्मेदारी के लिए उनसे काबिल कोई नहीं

डॉ. गोयल की इस रिकॉर्ड तोड़ पुनर्नियुक्ति पर इलाके के राजनीतिक समीकरण भी मुखर हो उठे हैं। स्थानीय विधायक रामकरण काला ने इस फैसले का पुरजोर स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. प्रदीप गोयल एक बेहद वरिष्ठ, समर्पित और निष्ठावान सिपाही हैं। इस पद के लिए उनसे ज्यादा काबिल और तजुर्बेकार कार्यकर्ता दूसरा कोई नहीं हो सकता था। वहीं, नई जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ. गोयल ने कांग्रेस आलाकमान सहित संसद में नेता विपक्ष राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री व नेता विपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, जिला प्रधान मेवा सिंह और विधायक रामकरण काला का विशेष तौर पर आभार जताया है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे पहले की तरह ही संगठन को मजबूत करने का काम पूरी ईमानदारी से करेंगे।

कई सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के सिरमौर हैं डॉ. गोयल

डॉ. प्रदीप गोयल का रसूख सिर्फ राजनीति तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वे इलाके के सामाजिक और व्यापारिक ताने-बाने में भी एक बड़ा नाम हैं। वे वर्तमान में 'हेल्पर शाहाबाद सोसाइटी' और 'महाराजा अग्रसेन एजुकेशन सोसाइटी' के चेयरमैन पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके साथ ही, 'शुगर ट्रेडर्स एसोसिएशन हरियाणा' और 'हरियाणा जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया' के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी उनका दबदबा है। हाल ही में उन्हें अग्रवाल वैश्य समाज का प्रदेश प्रवक्ता भी मनोनीत किया गया था।

समर्थकों और शहर के प्रबुद्ध लोगों में जश्न का माहौल

इस नियुक्ति की खबर शाहाबाद पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय संस्थाओं से जुड़े लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी का इजहार किया। पूर्व हलका प्रधान मोहनलाल भांवरा, पूर्व पार्षद टेकचंद शर्मा, धर्मपाल ढोला माजरा, रणधीर चढूनी, रंजीत त्यौडी सहित अग्रवाल महासभा के पूर्व प्रधान उमेश गर्ग, महाराजा अग्रसेन एजुकेशन सोसाइटी के प्रधान पवन अग्रवाल, संजीव चोपड़ा और विनोद वधवा समेत क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य लोगों ने कांग्रेस हाईकमान का शुक्रिया अदा करते हुए डॉ. गोयल को बधाई दी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!