Kurukshetra Temple Threat: कुरुक्षेत्र के इन दो बड़े मंदिरों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, ज्योतिसर तीर्थ की सुरक्षा बढ़ी
Jun 06, 2026 12:06 PM
कुरुक्षेत्र। खालिस्तान समर्थक एक आतंकी संगठन की ओर से कुरुक्षेत्र के प्रमुख मंदिरों को बम से उड़ाने की गीदड़भभकी दी गई है। इस इनपुट के सामने आते ही धर्मनगरी की पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर कई लोग इस धमकी को महज एक अफवाह या माहौल खराब करने की कोशिश मान रहे हैं, लेकिन जिला पुलिस प्रशासन कोई भी कोताही बरतने के मूड में नहीं है। गुरुवार को पुलिस की कई स्पेशल टीमों ने जिले के तमाम संवेदनशील और ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इसी कड़ी में पुलिस का एक दस्ता सीधे गीता स्थली ज्योतिसर तीर्थ पहुंचा और वहां के सुरक्षा घेरे को री-चेक किया।
स्थानेश्वर महादेव और कार्तिकेय मंदिर को मिली धमकी, खुफिया एजेंसियां सतर्क
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों के निशाने पर कुरुक्षेत्र का ऐतिहासिक स्थानेश्वर महादेव मंदिर और पिहोवा का प्रसिद्ध कार्तिकेय मंदिर हैं। इन दोनों ही स्थलों पर सामान्य दिनों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ज्योतिसर चौकी प्रभारी नरेश कुमार ने अपनी टीम के साथ पूरे तीर्थ परिसर का चक्कर काटा। उन्होंने वहां मौजूद निजी सुरक्षा एजेंसी के प्रभारी मुकेश कुमार और सफाई कर्मचारियों के साथ एक आपात बैठक की। चौकी प्रभारी ने साफ लफ्जों में कहा कि परिसर में लावारिस पड़ी किसी भी वस्तु या संदिग्ध हरकत करने वाले शख्स को देखते ही तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
विश्व प्रसिद्ध तीर्थ पर सुरक्षा राम भरोसे! मेटल डिटेक्टर और वॉकी-टॉकी तक नहीं
इस हाई-अलर्ट के बीच जब पुलिस ने ज्योतिसर तीर्थ की सुरक्षा व्यवस्था को परखा, तो जमीनी हकीकत काफी चिंताजनक नजर आई। रोज हजारों देशी-विदेशी पर्यटकों की मेजबानी करने वाले इस बेहद महत्वपूर्ण स्थल के चारों एंट्री गेटों पर महज 13 सुरक्षा गार्ड तैनात हैं, जो शिफ्टों में काम करते हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इन गार्ड्स के पास संदिग्धों की चेकिंग के लिए मेटल डिटेक्टर जैसी बुनियादी चीज तक मौजूद नहीं है। आपात स्थिति में एक-दूसरे से संपर्क साधने के लिए उनके पास वॉकी-टॉकी तक का इंतजाम नहीं मिला। संसाधनों की यह भारी कमी इतने बड़े धार्मिक और पर्यटन केंद्र पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े करती है।
खामियों को जल्द दूर करने का दावा, खुफिया विंग भी रख रही नजर
इतनी बड़ी कमियां सामने आने के बाद अब पुलिस और मंदिर प्रबंधन के अधिकारी एक्टिव मोड में आ गए हैं। सुरक्षा एजेंसी को दोटूक कह दिया गया है कि वे अपने स्तर पर जल्द से जल्द तकनीकी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस पूरे मामले की रिपोर्ट आला अफसरों को भेज रहे हैं ताकि ज्योतिसर समेत कुरुक्षेत्र के अन्य प्रमुख मंदिरों को हाई-टेक सुरक्षा घेरे में लिया जा सके। फिलहाल, सादे कपड़ों में भी पुलिस और खुफिया विभाग के जवान इन तीर्थ स्थलों के आसपास मंडरा रहे हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते टाला जा सके।