Ludhiana News: लुधियाना में 9 लड़कियों के लापता होने पर पंजाब महिला आयोग सख्त, पुलिस कमिश्नर से मांगी रिपोर्ट
Jun 05, 2026 10:11 AM
लुधियाना: पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना में अलग-अलग इलाकों से लड़कियों के लापता होने के मामलों ने प्रशासन और महिला सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। नौ लड़कियों के गायब होने से जुड़े मामलों पर पंजाब महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने निर्देश दिया है कि मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से करवाई जाए और 8 जून तक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इस बीच आयोग की चेयरपर्सन राजलाली गिल ने संबंधित लड़कियों की तस्वीरें और पुलिस को जारी नोटिस की प्रति सोशल मीडिया पर भी साझा की है।
महिला आयोग ने लिया स्वत: संज्ञान
पंजाब राज्य महिला आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने पंजाब राज्य महिला आयोग अधिनियम, 2001 की धारा 12 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए पुलिस प्रशासन को नोटिस जारी किया है। आयोग की चेयरपर्सन राजलाली गिल ने पुलिस कमिश्नर को भेजे पत्र में कहा है कि एक ही शहर से कई लड़कियों के लापता होने की घटनाएं अत्यंत गंभीर हैं और इनकी निष्पक्ष तथा गहन जांच आवश्यक है। आयोग ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
महिला आयोग ने अपने आदेश में कहा कि पंजाब में महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा की रक्षा के लिए आयोग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे मामलों से परिवारों में भय का माहौल बनता है और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होते हैं। आयोग का मानना है कि यदि कम समय में कई लड़कियां लापता होती हैं तो प्रत्येक मामले की परिस्थितियों की अलग-अलग जांच आवश्यक है। इसी वजह से वरिष्ठ स्तर पर निगरानी में जांच करवाने की सिफारिश की गई है ताकि तथ्यों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके।
कुल्लेवाल से तीन नाबालिग बहनों के गायब होने का मामला
लुधियाना के कुल्लेवाल (जमालपुर) इलाके से 27 मई 2026 को तीन नाबालिग ममेरी-चचेरी बहनें एक साथ लापता हो गई थीं। इनकी उम्र 14, 15 और 16 वर्ष बताई गई है। परिवार के अनुसार घटना के बाद बड़ी लड़की ने एक अज्ञात नंबर से फोन कर बताया था कि वह अंबाला में है और एक युवक उसे शादी का झांसा देकर ले गया है। जानकारी के अनुसार उसी युवक ने बाकी दो छोटी बहनों को उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया था। पुलिस का कहना है कि दोनों छोटी लड़कियों को सुरक्षित ट्रेस कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
24 मई 2026 को राजगुरु नगर क्षेत्र में घरेलू कामगार के रूप में काम करने वाली 16 वर्षीय किशोरी काम खत्म करने के बाद घर लौटते समय लापता हो गई थी। उसने अपनी साइकिल जे-ब्लॉक स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के बाहर खड़ी की थी। सीसीटीवी फुटेज में वह आखिरी बार मंदिर के बाहर अकेले जाते हुए दिखाई दी थी। पुलिस ने इस मामले में अपहरण का केस दर्ज किया है। एक अन्य मामले में सलेम टाबरी के मोहल्ला पीरू बंदा की रहने वाली 18 वर्षीय युवती 27 अप्रैल को स्कूल में प्रवेश लेने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार का आरोप है कि युवती के बालिग होने का हवाला देकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में देरी की। बाद में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने सोशल मीडिया दावों पर दी सफाई
लुधियाना पुलिस ने महिला आयोग के नोटिस से पहले ही सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रखा था। एडीसीपी रमनदीप सिंह भुल्लर ने कहा कि सोशल मीडिया पर यह धारणा बनाई जा रही है कि बड़ी संख्या में लड़कियां अचानक गायब हो रही हैं, जबकि वास्तविक स्थिति अलग है। पुलिस के अनुसार मई महीने में नाबालिग लड़कियों के लापता होने के केवल 10 मामले दर्ज किए गए। अधिकारियों का कहना है कि सूचना मिलते ही संबंधित थाने में तुरंत एफआईआर दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाती है और हर मामले को गंभीरता से लिया जाता है।
पुलिस का दावा, कई मामलों में मिली सफलता
लुधियाना पुलिस का कहना है कि थाना जमालपुर में दर्ज मुकदमा नंबर 130 के तहत लापता हुई तीनों लड़कियों का पता लगा लिया गया है। पुलिस के अनुसार उन्हें उत्तर प्रदेश स्थित पैतृक गांव से सुरक्षित बरामद किया गया और परिवार को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि चाहे लड़कियां किसी के साथ गई हों या अपनी इच्छा से घर छोड़ा हो, हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि बाकी मामलों में भी लापता लड़कियों को जल्द सुरक्षित ढूंढने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।