बेटे की लव मैरिज की सजा पिता को मिली, लड़के के पिता पर जानलेवा हमला
Jun 13, 2026 2:58 PM
पलवल। हरियाणा के पलवल जिले से एक बार फिर 'ऑनर किलिंग' की रोंगटे खड़े कर देने वाली कोशिश का मामला सामने आया है। चांदहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बागपुर गांव में प्रेम विवाह से भड़के लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के बुजुर्ग पिता पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमलावरों ने दिनदहाड़े पीड़ित को उनकी ही दुकान के भीतर घेरकर लाठी, डंडे, तलवार, फरसे और फावड़े से इस कदर बेरहमी से पीटा कि वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। आरोपी उन्हें मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
मर्जी की शादी बनी पूरे परिवार की दुश्मन
चांदहट थाना पुलिस के मुताबिक, बागपुर गांव की रहने वाली नेमवती ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उनके बेटे नरेश ने पास के ही सोलडा गांव की रहने वाली करिश्मा के साथ अपनी मर्जी से कोर्ट मैरिज की थी। इस अंतरजातीय या मर्जी की शादी को लड़की के परिवार वाले और उनके रिश्तेदार अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा के खिलाफ मान रहे थे। शादी के बाद से ही लड़की पक्ष की तरफ से लड़के के पूरे परिवार को जान से मारने की लगातार धमकियां मिल रही थीं। जान का खतरा भांपते हुए नवविवाहित जोड़े ने पलवल के सरकारी 'सेफ हाउस' में भी शरण ली थी, लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि दुस्साहसी आरोपियों ने वहां पहुंचकर भी उन्हें डराया और धमकाया था।
बाइकों पर आए और दुकान को बना दिया कुरुक्षेत्र
घटना के दिन नेमवती अपने पति थान सिंह उर्फ धर्मी के साथ बागपुर चौक पर स्थित अपनी स्पेयर पार्ट्स की दुकान पर बैठी थीं। तभी अचानक 8-10 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए करीब 20 हथियारबंद युवकों ने दुकान पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने सबसे पहले नेमवती को डंडे से मारकर और धक्का देकर दुकान से बाहर फेंक दिया। इसके बाद सभी आरोपी थान सिंह पर टूट पड़े। उन पर तलवार और फावड़े से ताबड़तोड़ वार किए गए। नेमवती बीच-बचाव के लिए चीखती-चिल्लाती रहीं, लेकिन बदमाशों के हाथ में नंगी तलवारें देखकर बाजार का कोई भी दुकानदार या राहगीर उन्हें बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। जब थान सिंह अचेत हो गए, तो आरोपी पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देते हुए हवा में हथियार लहराते हुए भाग निकले।
राहगीर का वीडियो और पुलिसिया कार्रवाई
इस पूरी खूनी वारदात के दौरान किसी राहगीर ने छिपकर अपने मोबाइल में वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है और पुलिस ने इसे सबसे बड़े चश्मदीद सबूत के तौर पर अपने कब्जे में ले लिया है। परिजनों ने आनन-फानन में थान सिंह को पलवल के सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां से नाजुक हालत के कारण उन्हें हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया।
चांदहट थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर सोलडा गांव के रहने वाले मुख्य आरोपी नरपत, गोविंदा, तेज सिंह, राजबीर, ज्ञानी, रमन, पवन, मुकेश, अमर सिंह और बलई गांव के कृष्ण, भीम, राकेश उर्फ पप्पू फौजी व सौरभ सहित 13 नामजद और 7 अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास और दंगा भड़काने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।