Search

सिवाह नहर में बड़ा हादसा: कथा सुनकर लौटी महिला का पूजा करते समय फिसला पैर, बचाने कूदा पति

May 19, 2026 10:23 AM

पानीपत। पानीपत के सिवाह नहर पुल के पास सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। शुरुआत में इस घटना को लेकर सुसाइड की थ्योरी सामने आ रही थी, लेकिन इसराना थाना पुलिस की दिनभर चली गहन तफ्तीश के बाद साफ हो गया कि यह कोई आत्महत्या नहीं बल्कि एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था। असंध निवासी राइस मिलर मुरारी लाल और उनकी पत्नी कमलेश सोमवार तड़के घर से पूजा-अर्चना के लिए निकले थे। सिवाह नहर के किनारे जब कमलेश धार्मिक सामग्री और नारियल प्रवाहित कर रही थीं, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया। पत्नी को तेज बहाव में डूबता देख मुरारी लाल ने भी बिना वक्त गंवाए नहर में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों ही पानी के बेरहम थपेड़ों के बीच लापता हो गए।

20 किलोमीटर दूर मिला महिला का शव, पति की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय राहगीरों ने तुरंत पुलिस को इत्तिला दी। मौके पर पहुंची इसराना थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम ने फौरन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बहाव तेज होने के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं। आखिरकार देर रात घटनास्थल से करीब 20 किलोमीटर दूर सोनीपत के खूबडू झाल के पास से कमलेश का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, जहां से कानूनी प्रक्रिया के बाद इसे परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं, दूसरी ओर गोताखोरों की टीम मुरारी लाल गोयल की तलाश में लगातार नहर को खंगाल रही है।

संपन्न कारोबारी परिवार, आत्महत्या की बात से बेटों का इनकार

लापता मुरारी लाल (60) असंध क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित और संपन्न राइस मिलर हैं। मंडी में उनकी दुकान के साथ-साथ दो बड़े राइस मिल भी हैं, जिनका संचालन वह अपने 40 वर्षीय बेटे गौरव सिंगला के साथ मिलकर करते थे। गौरव ने बताया कि परिवार में किसी भी तरह की कोई आर्थिक या मानसिक परेशानी नहीं थी और कारोबार भी बहुत अच्छा चल रहा था। उन्होंने शुरुआती सुसाइड की खबरों पर ऐतराज जताते हुए कहा कि उनके माता-पिता अपनी चप्पलें स्कूटी पर ही छोड़कर गए थे, जिससे साफ है कि वे किनारे पर पूजा करने उतरे थे और संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। हालांकि, सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर पुत्रवधू के साथ अनबन की अफवाहें भी उड़ीं, लेकिन इसराना थाना प्रभारी हरिराम ने स्पष्ट किया है कि जांच में किसी भी तरह के पारिवारिक कलह या विवाद की पुष्टि नहीं हुई है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!