बरनालापाकिस्तान व दुबई में बैठे व्यक्तियों के साथ मिलकर बाहरी रिश्तेदार बनकर व फर्जी वीजा लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का बरनाला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम की अगुवाई में डीएसपी सतवीर सिंह, थाना साइबर क्राइम बरनाला की टीम ने फर्जी व्हाट्सएप नंबरों और म्यूल बैंक अकाउंट्स का इस्तेमाल कर ठगी करने वाले इस गिरोह को गिरफ्तार किया है।



बाहरी रिश्तेदार बनकर ठगते थे लाखों 

पुलिस के अनुसार यह गिरोह भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके नाम पर म्यूल बैंक अकाउंट खुलवाते थे और फिर पाकिस्तान व दुबई में बैठे अपने साथियों के जरिए फर्जी व्हाट्सएप नंबरों से कॉल कर खुद को विदेश में रहने वाला रिश्तेदार या वीजा एजेंट बताकर ठगी करता था। इसके बाद पीड़ितों से इन खातों में पैसे डलवा लिए जाते थे। थाना साइबर क्राइम बरनाला में गांव लोहगढ़, जिला बरनाला निवासी आत्मा सिंह के बयान पर मामला नंबर चार, 31 जनवरी 2026 दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता से बाहरी रिश्तेदार बनकर 10 लाख 19 हजार रुपये की ठगी की गई थी। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) व आईटी एक्ट 2000 की धारा 66(डी) के तहत दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।



आरोपियों की पहचान 

जिनकी पहचान लवदीप सिंह उर्फ लवली, निवासी जल्लोके, ममदोट हिठाड़, जिला फिरोजपुर, मलकीत सिंह उर्फ कीतू, निवासी जल्लोके, ममदोट हिठाड़, जिला फिरोजपुर, लखविंदर सिंह, निवासी सेठावाला, ममदोट हिठाड़, जिला फिरोजपुर, सुखप्रीत सिंह, निवासी छांगा खुर्द, जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है।



अन्य राज्यों में भी ठगी की वारदातों को दे चुके अंजाम

यह गिरोह पंजाब के अलावा अन्य राज्यों में भी ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। मामले की तकनीकी जांच जारी है और आरोपियों के बैंक खातों की गहन पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित मलकीत सिंह उर्फ कीतू मैक्सिको से डिपोर्ट होकर भारत लौटा था, जहां से उसके पाकिस्तान और दुबई में बैठे ठगों से संपर्क बने। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर यह गिरोह तैयार किया और ठगी की गतिविधियां शुरू कर दीं। 

You may also like:

Please Login to comment in the post!