नायब सरकार की खेल नीति का उद्देश्य हरियाणा को बनाना है खेल शक्ति : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली

Jan 03, 2026 11:59 AM

सोनीपत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी खेलों में हमेशा अग्रणी रहे हैं। नायब सैनी सरकार खिलाड़ियों की मेहनत को पहचानती है और उन्हें और बेहतर सुविधाएं, कोचिंग और प्रशिक्षण देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। यह बातें बड़ौली ने शनिवार को सोनीपत के हिंदू स्कूल में आयोजित द्वितीय हरियाणा राज्य स्तरीय युवा ताइक्वांडो खेल 2025-26 में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कही। यहां उन्होंने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि हमारे खिलाड़ी हमारी शान हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में जितना पढ़ाई का महत्व है उतना ही खेल का महत्व भी  है। खेल से शरीर स्वस्थ रहता है और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी जीवन अच्छा बना सकते हैं। मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि नायब सैनी सरकार की बेहतरीन खेल नीति का परिणाम है कि हमारे खिलाड़ी खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार की तरफ से तमाम उच्च स्तरीय सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार समाज में छिपी खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए हर जिले में अलग-अलग खेलों की नर्सरियां खोल रही है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है और खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए।


हरियाणा की भाजपा सरकार खिलाड़ियों के भविष्य को मजबूत करने के लिए खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के हर पहलू पर तेज़ी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए आधुनिक स्टेडियम, उच्चस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं , खेल अकादमियां और आवश्यक संसाधनों को हरियाणा सरकार योजनाबद्ध तरीके से सुदृ़ढ़ कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का एक सशक्त माध्यम है और इस दिशा में भाजपा सरकार तेजी से काम कर रही है। इस अवसर पर सोनीपत विधायक निखिल मदान, निगम पार्षद अतुल जैन  सहित अन्य खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!