Haryana News: सोनीपत NH-44 पर सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, जिम से वापिस लौटते समय वाहन ने कुचला
Feb 17, 2026 09:30 AM
सोनीपत: सोनीपत जिले के कुंडली थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा नेशनल हाईवे-44 पर अंसल प्लाजा के पास हुआ, जब स्कूटी सवार दोनों युवक जिम से अपने घर लौट रहे थे। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।
रोज सुबह साथ जाते थे जिम
पुलिस के अनुसार, बहालगढ़ की इंदिरा कॉलोनी में रहने वाला 23 वर्षीय मोहित अपने दोस्त उत्तम कुमार के साथ अल सुबह स्कूटी से पार्कर मॉल स्थित जिम में व्यायाम करने गया था। दोनों बचपन से साथ पढ़े थे और रोजाना एक साथ जिम जाते थे। मंगलवार को भी उन्होंने सामान्य दिनचर्या के अनुसार कसरत की और करीब सुबह 6:15 बजे एक ही स्कूटी पर सवार होकर घर के लिए निकले।
NH-44 पर अंसल प्लाजा के पास टक्कर
जब दोनों युवक नेशनल हाईवे-44 पर अंसल प्लाजा के नजदीक पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों युवक दूर जा गिरे। हादसा इतना भीषण था कि उत्तम के सिर को पूरी तरह कुचल दिया गया, जिससे उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया।
परिवार का इकलौता सहारा था मोहित
22 वर्षीय मोहित पिछले करीब 20 वर्षों से बहालगढ़ की इंदिरा कॉलोनी में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था। वह मूल रूप से उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के गांव वजूला का निवासी था और काम के सिलसिले में परिवार करीब 20 साल पहले सोनीपत आकर बस गया था। मोहित अविवाहित था और परिवार का इकलौता बेटा था। वह पिछले दो वर्षों से जठेड़ी गांव के एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत था और अपनी सादगी के कारण स्कूल व मोहल्ले में पसंद किया जाता था।
सबसे छोटा बेटा था उत्तम कुमार
उत्तम कुमार के पिता लालू कुमार शाह मूल रूप से बिहार के बांका जिले के गांव कुरथिया टेकर चिलमिल के रहने वाले हैं। वे पिछले 25 वर्षों से सोनीपत के बढ़मलिकपुर स्थित दुर्गा कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे हैं। 24 वर्षीय उत्तम खुद की परचून की दुकान चलाता था और रोज सुबह पार्कर मॉल में जिम करने जाता था।
पिता के अनुसार, वह सुबह जिम से लौट आया था, लेकिन बाद में उसके दोस्त मोहित का फोन आया और वह दोबारा उसके साथ चला गया। वापसी के दौरान हादसा हुआ। उत्तम अविवाहित था और परिवार का सबसे छोटा बेटा था। 10 जनवरी को उसने अपना जन्मदिन मनाया था। परिवार में बड़ा भाई गौतम, एक विवाहित बहन और माता-पिता हैं।