Search

कलयुगी पिता की हैवानियत: 7 साल के बेटे के मुंह में ठूंसा कपड़ा, छाती पर बैठकर बेरहमी से पीटा

May 19, 2026 5:52 PM

सोनीपत। गोहाना से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर किसी भी संवेदनशील इंसान की रूह काँप जाए। एक बाप अपनी ही औलाद का इस कदर दुश्मन बन गया कि उसने सात साल के अपने मासूम बेटे को सिर्फ इसलिए मौत के मुंह में धकेलने की कोशिश की, क्योंकि उसने रात को खाने के लिए कुछ मांग लिया था। गोहाना के नए बस स्टैंड के पास किराए के मकान में रहने वाले अकबर नाम के शख्स ने गुस्से में आकर अपने ही जिगर के टुकड़े को जमीन पर पटका, उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा और खुद उसकी छाती पर बैठ गया। दम घुटने के कारण बच्चा तड़पता रहा और हैवान बना पिता उस पर थप्पड़ बरसाता रहा।

भाई का वीडियो बना रहे थे सहमे हुए बच्चे

जींद पुलिस कप्तान (एसपी) को दी गई शिकायत में पीड़िता हसीना ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसकी शादी खान मोहल्ला (सोनीपत) के अकबर के साथ हुई थी। अकबर आए दिन बच्चों और उसके साथ मारपीट करता था। 15 मई की रात करीब 10 बजे जब छोटे बेटे ने खाने की जिद की, तो अकबर ने सारी हदें पार कर दीं। जब अकबर बच्चे का गला घोंटने की कोशिश कर रहा था, तब घर में मौजूद अन्य बच्चे डर के मारे कोने में दुबक गए और चुपके से इस पूरी खौफनाक वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। हसीना ने अपनी जान पर खेलकर पति के चंगुल से तड़पते हुए बच्चे को बाहर निकाला।

जींद अस्पताल में भर्ती है मासूम, अब एसपी से इंसाफ की आस

इस जानलेवा हमले के बाद बच्चे की तबीयत बेहद बिगड़ गई, उसे लगातार उल्टियां होने लगीं और उसने डर के मारे खाना भी बंद कर दिया। सहमी हुई हसीना अगले ही दिन अपने बच्चों को लेकर जींद स्थित अपने मायके भाग आई और बेटे को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि 16 मई की रात को आरोपी अकबर ससुराल भी पहुंच गया और केस करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा। परिजनों ने तुरंत डायल 112 को फोन कर पुलिस बुलाई, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि पुलिस आरोपी को थाने ले तो गई पर बिना कोई ठोस कार्रवाई किए उसे छोड़ दिया। अब लाचार मां ने अपने बच्चों की सुरक्षा और आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए जींद एसपी और बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) का दरवाजा खटखटाया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!