Search

Sonipat Crime: सोनीपत में बहन की लव-मैरिज का खूनी बदला, दोस्त की आंखों में मिर्च डाल सिर में मारी 3 गोलियां

May 24, 2026 11:52 AM

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में ऑनर किलिंग और रंजिश का एक खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। भटगांव के रहने वाले दो सगे भाइयों ने अपनी बहन के प्रेम विवाह का बदला लेने के लिए उसके पति के सबसे पक्के दोस्त बिट्टू (25) की सरेराह हत्या कर दी। हमलावरों ने वारदात को इतनी बेरहमी से अंजाम दिया कि पहले बड़वासनी रोड पर बाइक से घर लौट रहे बिट्टू की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंका और फिर उसके सिर में सटाकर तीन गोलियां दाग दीं। इस जानलेवा हमले में बिट्टू को बचाने आए उसके दोस्त के सगे भाई सागर को भी पेट में गोली लगी है, जिसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

बहन की लव-मैरिज का बदला: दोस्त ने दिया था साथ, इसलिए रची हत्या की साजिश

सोनीपत पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह बात साफ हो गई है कि इस खूनी खेल की स्क्रिप्ट करीब साल भर पहले ही लिख दी गई थी। भटगांव के रहने वाले प्रवीण ने गांव के ही मोहित और प्रिंस की बहन के साथ लव-मैरिज की थी। दोनों का एक छोटा बेटा भी है। इस शादी को करवाने में प्रवीण के दोस्त बिट्टू ने मुख्य भूमिका निभाई थी। लड़की के भाई इस शादी को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रहे थे और तभी से दोनों परिवारों में रंजिश थी। रंजिश इतनी बढ़ी कि प्रवीण को अपना गांव तक छोड़ना पड़ गया था। शनिवार देर शाम जब बिट्टू और सागर अपनी नौकरी खत्म करके बाइक से गांव लौट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे मोहित और प्रिंस ने उन पर हमला बोल दिया।

गोली लगने के बाद घर किया फोन, हमलावरों ने पीड़ित के घर के बाहर भी की फायरिंग

परिजनों के मुताबिक, सिर और हाथ में गोली लगने के बावजूद बिट्टू ने तड़पते हुए किसी तरह अपने घर फोन किया और पूरी आपबीती बताई। घबराए घरवाले जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक दोनों हत्यारे मोटरसाइकिल पर सवार होकर भटगांव में बिट्टू के घर के बाहर पहुंच चुके थे। वहां दहशत फैलाने के मकसद से आरोपियों ने पीड़ित परिवार के घर पर भी अंधाधुंध कई राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में बिट्टू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात के 10 घंटे बाद पुलिस से मुठभेड़, पैरों में गोली लगने के बाद खानपुर PGI भर्ती

हत्याकांड की संवेदनशीलता को देखते हुए सोनीपत पुलिस ने तुरंत क्राइम ब्रांच की कई टीमों को शूटरों के पीछे लगा दिया था। रविवार तड़के क्राइम ब्रांच-1 को पुख्ता सूचना मिली कि दोनों हत्यारे भाई नेशनल हाईवे-352A पर जाजी गांव के पास किसी गाड़ी के इंतजार में छिपे हैं। इंस्पेक्टर राजीव की अगुवाई में पुलिस टीम ने सुबह करीब 4 बजे इलाके की घेराबंदी शुरू की।

डीसीपी नरेंद्र सिंह कादयान का आधिकारिक बयान:

"जब हमारी क्राइम ब्रांच की टीम ने जाजी गांव के पास दोनों आरोपियों मोहित और प्रिंस को सरेंडर करने के लिए ललकारा, तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। क्रॉस फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोलियां लगी हैं। उन्हें दबोचकर तुरंत खानपुर पीजीआई (PGI) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उनका इलाज चल रहा है। मौके से दो अवैध पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं।"

You may also like:

Please Login to comment in the post!