Meta One Subscription: वॉट्सऐप में आ रहा है मेटा का महा-प्लान, एक रीचार्ज में मिलेंगे फेसबुक, इंस्टाग्राम और एआई के प्रीमियम फीचर्स
Jun 13, 2026 2:53 PM
टेक्नोलॉजी। सोशल मीडिया की दुनिया में मुफ्त सर्विस के दिन अब धीरे-धीरे लदने वाले हैं। मार्क जुकरबर्ग की कंपनी 'मेटा' अपने विज्ञापनों से होने वाली कमाई के अलावा अब सब्सक्रिप्शन मॉडल से मोटा मुनाफा कमाने के मूड में है। चर्चा है कि कंपनी जल्द ही 'मेटा वन' (Meta One) नाम से एक सुपर सब्सक्रिप्शन पैक पेश करने जा रही है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि आपको फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप के प्रीमियम फीचर्स के लिए अलग-अलग पैसे नहीं देने होंगे। टेक जगत की अंदरूनी खबरों पर नजर रखने वाली वेबसाइट्स के मुताबिक, इस महा-प्लान की टेस्टिंग वॉट्सऐप के बैकएंड पर शुरू भी हो चुकी है, जो यूजर्स के चैटिंग और सोशल मीडिया एक्सपीरियंस को पूरी तरह बदल देगा।
बीटा अपडेट से खुला राज, ऐप के अंदर ही मिलेगा प्लान खरीदने का ऑप्शन
इस पूरे मामले का खुलासा वॉट्सऐप के एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.23.10 से हुआ है। इस नए अपडेट में कुछ ऐसे हिडन फीचर्स और कोडिंग देखी गई है, जो सीधे तौर पर 'मेटा वन' की तरफ इशारा करते हैं। इसका मतलब यह है कि आने वाले दिनों में यूजर्स को अपना सब्सक्रिप्शन एक्टिवेट करने के लिए किसी थर्ड-पार्टी वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं होगी; वे सीधे वॉट्सऐप की सेटिंग्स में जाकर ही इस प्लान को खरीद और मैनेज कर सकेंगे। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई है, लेकिन बीटा वर्जन पर इसकी मौजूदगी बताती है कि ग्लोबल लॉन्चिंग अब ज्यादा दूर नहीं है।
जेब पर कितना पड़ेगा असर? लीक हुईं संभावित कीमतें
अगर आप सोच रहे हैं कि इस वीआईपी सर्विस के लिए आपको कितनी जेब ढीली करनी होगी, तो इसके लिए कंपनी ने दो तरह के स्लैब तैयार किए हैं। पहला है 'मेटा वन प्लस', जिसकी संभावित कीमत 6.99 यूरो यानी भारतीय मुद्रा में करीब ₹700 प्रति महीना हो सकती है। इस प्लान में यूजर्स को बेहतर इमेज और वीडियो जनरेशन एआई टूल्स के साथ वॉट्सऐप प्लस की खूबियां मिलेंगी। वहीं, जो लोग एआई (AI) का बेहद एडवांस इस्तेमाल करना चाहते हैं, उनके लिए 'मेटा वन प्रीमियम' प्लान होगा। इसकी कीमत करीब 20.99 यूरो (लगभग ₹2,200 महीना) रखी जा सकती है। इस महंगे प्लान में ज्यादा एआई लिमिट और एडवांस्ड रीजनिंग की सुविधा मिलेगी।
क्या-क्या मिलेगा वॉट्सऐप प्लस के पिटारे में?
आम यूजर्स के मन में यह सवाल जरूर है कि पैसे देने के बाद उन्हें अतिरिक्त क्या मिलेगा? लीक रिपोर्ट्स की मानें तो 'वॉट्सऐप प्लस' के तहत यूजर्स को अपनी चैट स्क्रीन को कस्टमाइज करने के लिए शानदार ऐप थीम्स, पसंदीदा कॉन्टैक्ट्स के लिए कस्टम रिंगटोन्स, ज्यादा चैट्स को टॉप पर पिन करने की आजादी और नए प्रीमियम स्टिकर्स का एक्सेस मिलेगा। कुल मिलाकर, मेटा अब एक्सक्लूसिविटी का गेम खेल रही है, जहां पैसे खर्च करने वाले यूजर्स को सामान्य पब्लिक से ज्यादा फीचर्स और सुरक्षा मिलेगी। कंपनी शुरुआती दौर में कुछ सेलेक्टेड यूजर्स को लुभाने के लिए एक महीने का फ्री ट्रायल भी ऑफर कर सकती है।