Pranit More Show: बिरयानी विवाद के बाद नया बखेड़ा, लेडी डॉक्टर ने डेड बॉडी पर किया बेहद घटिया मजाक
Jun 11, 2026 2:11 PM
सोशल मीडिया पर इन दिनों स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे अपनी '370 रुपये की बिरयानी' वाली विवादित टिप्पणी को लेकर चौतरफा घिरे हुए हैं। इस विवाद के कारण एक शख्स की नौकरी जा चुकी है और खुद प्रणित को माफी मांगकर अपना इंस्टाग्राम अकाउंट तक डिएक्टिवेट करना पड़ा है। अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि उनके शो की एक पुरानी वीडियो क्लिप इंटरनेट पर वायरल हो गई है, जिसने एक नया और बेहद संवेदनशील विवाद खड़ा कर दिया है। इस वीडियो में शो के मंच पर बैठी एक महिला डॉक्टर मेडिकल रूम का ऐसा किस्सा सुना रही हैं, जिसे सुनकर सभ्य समाज का सिर शर्म से झुक गया है।
शवों के प्राइवेट पार्ट्स पर उड़ाया मजाक, ठहाके लगाते दिखे लोग
वायरल हो रहे वीडियो में दिख रही लड़की की पहचान सेजल पवाल के रूप में हुई है, जो पेशे से एक डॉक्टर हैं। शो के दौरान सेजल ने बेहद हल्के अंदाज में पुरुषों के शवों (डेड बॉडी) के गुप्तांगों पर एक घटिया टिप्पणी की। उन्होंने सरेआम कहा कि 'वह और उनकी एक सहेली अक्सर अस्पताल के भीतर पुरुषों के शवों के प्राइवेट पार्ट्स के साइज की तुलना आपस में करती हैं।' इस शर्मनाक खुलासे पर न सिर्फ वहां बैठी जनता ठहाके लगाती दिखी, बल्कि खुद होस्ट प्रणित मोरे भी इस पर अपने चुटकुले जोड़कर माहौल को और हवा देते नजर आए। हालांकि, जब यह शो रिकॉर्ड हुआ था तब इस पर ध्यान नहीं गया, लेकिन मौजूदा विवाद के बीच यह क्लिप बाहर आते ही आग की तरह फैल गई।
केईएम (KEM) अस्पताल मुंबई से जुड़ा है तार, डॉक्टर ने छिपाया चेहरा
इस आपत्तिजनक वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर सेजल पवाल के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जनता ने उन्हें और उनके पेशे को जमकर आड़े हाथों लिया। विवाद को बढ़ता देख सेजल ने तुरंत अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को प्राइवेट मोड पर डाल दिया ताकि लोग उनकी प्रोफाइल खंगाल न सकें। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनके इंस्टाग्राम बायो के स्क्रीनशॉट वायरल हो चुके हैं, जिसके मुताबिक वह मुंबई के मशहूर केईएम (KEM) अस्पताल में कार्यरत हैं। अब लोग अस्पताल प्रशासन से भी इस संवेदनहीन कृत्य पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
'शवों का सम्मान भूल गईं डॉक्टर'- भड़के यूजर्स ने याद दिलाया मेडिकल एथिक्स
इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक मेडिकल स्टूडेंट ने लिखा, 'एक डॉक्टर या मेडिकल छात्र के तौर पर किसी मृत देह का इस तरह मजाक उड़ाना सबसे घटिया हरकत है। हमें मेडिकल की शुरुआत में ही सिखाया जाता है कि जो शरीर दान होकर हमारे पास आया है, उसका पूरा सम्मान किया जाए।' वहीं एक अन्य यूजर ने तीखा तंज कसते हुए लिखा कि हमारे समाज में सिर्फ बिरयानी पर मजे लेने वाले लोग ही नहीं हैं, बल्कि सेजल जैसी डॉक्टर भी हैं जो मरे हुए इंसानों की गरिमा को तार-तार कर सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स बटोर रही हैं। फिलहाल इस पूरे मामले पर न तो शो के मेकर्स की तरफ से और न ही संबंधित अस्पताल की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।