Sonipat Crime: गन्नौर में शराब कारोबारी के घर पर आधी रात को अंधाधुंध फायरिंग, बाल-बाल बची जान
Jun 11, 2026 4:45 PM
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले का गन्नौर इलाका बुधवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। क्षेत्र के गुमड़ गांव में पुरानी रंजिश के चलते आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने एक शराब कारोबारी के घर पर धावा बोल दिया और जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस अचानक हुए हमले से पूरे गांव में दहशत फैल गई। गनीमत यह रही कि गोलीबारी की जद में आने के बावजूद पीड़ित युवक ऐन वक्त पर नीचे झुक गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। वहीं, बचाव में जब पीड़ित परिवार ने छत से पत्थरों और ईंटों की बौछार की, तो बदमाश अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गए।
सालभर पुराना हिसाब-किताब और फोन पर मिली मौत की धमकी
पुलिस को दी गई शिकायत में गुमड़ गांव के रहने वाले कुनाल ने बताया कि वह समालखा क्षेत्र में शराब के ठेके चलाता है। विवाद की जड़ें करीब एक साल पुरानी हैं, जब गांव के ही संदीप ठेकेदार के साथ मिट्टी बेचने का एक सौदा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही मनोज नाम के शख्स ने कुनाल पर झूठा आरोप मढ़ा कि उसने उनके पैसों का इस्तेमाल करके अपनी गाड़ी और शराब के ठेके खरीदे हैं। इसी खुन्नस में कुनाल पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है, जिसका केस अदालत में चल रहा है। करीब 20 दिन पहले गांव के ही मोहित के साथ भी उसकी फोन पर कहासुनी हुई थी, जिसे परिजनों ने बैठकर सुलझा लिया था, लेकिन बुधवार रात 11:16 बजे अचानक मोहित ने फोन कर कुनाल को दोबारा भद्दी गालियां और सीधे देख लेने की धमकी दी।
बलेनो कार से पहुंचे हमलावर, खिड़की का शीशा चीरती हुई निकल गई गोली
धमकी भरे फोन कॉल के महज 10 मिनट बाद ही मोहित अपने साथी मनोज, रवि, बच्ची, काला और अन्य गुर्गों के साथ सफेद रंग की बलेनो कार में सवार होकर कुनाल के घर के बाहर आ धमका। उस वक्त कुनाल अपने पिता और भाइयों के साथ छत पर बने कमरे में मौजूद था। नीचे शोर-शराबा सुनकर कुनाल ने जैसे ही कमरे की खिड़की से नीचे झांका, वैसे ही नीचे खड़े मोहित ने उसे देखते ही पिस्तौल से सीधे फायर झोंक दिया। गोली सीधे खिड़की के शीशे को तोड़ती हुई निकल गई, लेकिन कुनाल ने तत्परता दिखाते हुए खुद को नीचे झुका लिया, जिससे वह सीधे निशाने पर आने से बच गया। इसके बाद रवि और बच्ची नामक आरोपियों ने भी कुनाल के घर को निशाना बनाकर 4 से 5 राउंड और गोलियां दागीं, जिससे घर के नीचे खड़ी आई-टेन (i10) कार का पिछला शीशा चकनाचूर हो गया।
एफएसएल (FSL) टीम ने जुटाए सुराग, नई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज
हमले से घबराने के बजाय कुनाल और उसके परिजनों ने हौसला दिखाया और छत पर रखी ईंट-पत्थरों को बदमाशों के ऊपर फेंकना शुरू कर दिया। ऊपर से भारी पथराव होता देख बदमाशों के पैर उखड़ गए और वे जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। हड़बड़ाहट में वे अपनी बलेनो कार भी गली में ही छोड़ गए। सूचना मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस और डायल-112 की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने वारदात वाली जगह की घेराबंदी कर गली से खाली कारतूसों के खोल बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कुनाल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।