Reddit Viral Story: गर्लफ्रेंड को गिफ्ट किया 2.6 लाख का गेमिंग पीसी, 24 घंटे बाद लड़की ने जो किया उड़ गए होश
Jun 11, 2026 6:26 PM
कहते हैं कि प्यार अंधा होता है और इस अंधी मोहब्बत में इंसान अपने पार्टनर की हर छोटी-बड़ी ख्वाहिश को पूरा करने के लिए अपनी हैसियत से बाहर जाने से भी गुरेज नहीं करता। लेकिन जब इसी शिद्दत और भरोसे का इस्तेमाल कोई मटीरियलिस्टिक फायदे के लिए करे, तो दिल के साथ-साथ इंसान का इंसानियत से भरोसा उठ जाता है। ऐसा ही एक बेहद चौंकाने वाला मामला रेडिट पर सामने आया है, जहां एक लड़के को अपनी प्रेमिका के प्रति वफादारी और दरियादिली की ऐसी सजा मिली, जिसकी उसने सपने में भी कल्पना नहीं की थी।
औकात से बढ़कर दिया सरप्राइज, पर अगले ही दिन मिला 'तलाक'
पीड़ित युवक के मुताबिक, वह पिछले तीन साल से एक लड़की के साथ रिलेशनशिप में था और उसके मुताबिक सब कुछ बिल्कुल सामान्य चल रहा था। जब गर्लफ्रेंड का जन्मदिन नजदीक आया, तो उसने अपनी जेब और हैसियत की परवाह न करते हुए एक ग्रैंड सरप्राइज प्लान किया। उसने लगभग 2500 पाउंड यानी भारतीय मुद्रा में करीब 2.6 लाख रुपये की कीमत का एक चमचमाता हाई-एंड गेमिंग पीसी खरीदा। जन्मदिन के दिन लड़की ने इस महंगे उपहार को बड़े चाव और खुशी से स्वीकार भी किया। लेकिन इस कहानी का सबसे क्रूर मोड़ अगले दिन आया, जब गिफ्ट मिलने के महज 24 घंटे के भीतर लड़की ने बिना किसी ठोस वजह के तीन साल पुराने रिश्ते को एक झटके में खत्म करने का फरमान सुना दिया।
दोस्तों के चैट ने खोला राज: महीनों पहले हो चुकी थी साजिश
अचानक हुए इस वज्रपात से लड़का पूरी तरह टूट गया। उसे लगा कि शायद कोई बड़ी गलतफहमी हुई है। सच जानने के लिए जब उसने अपने कॉमन दोस्तों के ग्रुप में पड़ताल की, तो जो हकीकत सामने आई उसने उसके पैरों तले जमीन खिसका दी। दरअसल, उसे कुछ ऐसे स्क्रीनशॉट्स हाथ लगे, जिसमें उसकी पूर्व प्रेमिका अपने दोस्तों से यह कुबूल करती दिख रही थी कि वह इस रिश्ते से महीनों पहले ऊब चुकी थी और ब्रेकअप करना चाहती थी। उसने सिर्फ इसलिए दूरी नहीं बनाई क्योंकि उसे मालूम था कि उसका बॉयफ्रेंड जन्मदिन पर उसे एक बेहद महंगा गेमिंग पीसी देने वाला है। यानी वह सिर्फ एक तोहफे को हथियाने के लिए प्यार का ढोंग कर रही थी।
पीड़ित ने मांगी कानूनी सलाह; क्या वापस मिल सकता है गिफ्ट?
खुद को इस तरह इस्तेमाल होता देख और जज्बातों का सौदा होते देख युवक अब गहरे सदमे और गुस्से में है। उसने रेडिट पर अपनी पूरी आपबीती लिखकर यूजर्स से कानूनी राय मांगी है। उसका सीधा सवाल है कि क्या वह इस पीसी को वापस पाने का हकदार है? युवक का तर्क है कि यह गिफ्ट उसने सिर्फ इसलिए लिया क्योंकि वह उसकी पार्टनर थी, और चूंकि लड़की ने धोखे और साज़िश के तहत यह गिफ्ट हासिल किया है, तो क्या इस पर कोई कानूनी कार्रवाई हो सकती है?
इस पोस्ट के वायरल होते ही इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है। अधिकांश यूजर्स ने लड़की को आड़े हाथों लेते हुए उसे जमकर ट्रोल किया है और इसे 'गोल्ड डिगर' की बानगी बताया है। हालांकि, कानूनी विशेषज्ञों की मानें तो तोहफा देने के बाद वह तकनीकी और कानूनी रूप से पाने वाले की संपत्ति बन जाता है, इसलिए इसे वापस पाना टेढ़ी खीर साबित हो सकता है।