Search

जगाधरी पहुंचीं राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, बोलीं- दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बना भारत

Jun 18, 2026 4:34 PM

यमुनानगर (संजीव चौहान) हरियाणा की सियासी जमीन पर इन दिनों विकास कार्यों और सांगठनिक दौरों की हलचल तेज है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा के संयोजन में जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के गांवों और शहरों में एक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचीं राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने खदरी, देवघर, शाहजहांपुर और कोट जैसे ग्रामीण इलाकों का दौरा कर जनता से सीधा संवाद किया। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्ष केवल नई योजनाओं को लागू करने के नहीं थे, बल्कि यह दौर पूरे देश के भीतर एक नया आत्मविश्वास जगाने और भारत को वैश्विक मंच पर एक सशक्त 'विश्व-बंधु' के रूप में स्थापित करने का रहा है, जो साल 2047 तक 'विकसित भारत' के संकल्प की मजबूत नींव है।

5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था और स्टार्टअप का हब बन रहा देश

सांसद रेखा शर्मा ने आर्थिक मोर्चे पर देश की प्रगति का खाका खींचते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में 11वें स्थान से लंबी छलांग लगाई है और आज हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति हैं। उन्होंने 2017 में लागू किए गए 'एक देश, एक कर' (जीएसटी) के फैसले को व्यापार सुगमता का टर्निंग पॉइंट बताया। मेक इन इंडिया और पीएलआई स्कीम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन चुका है और रक्षा निर्यात में नए रिकॉर्ड बना रहा है। नीति आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि ठोस प्रयासों की वजह से पिछले एक दशक में 25 करोड़ से अधिक लोग बहुआयामी गरीबी के चक्रव्यूह से बाहर आए हैं।

डिजिटल भुगतान और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर से पारदर्शी हुई व्यवस्था: कंवरपाल गुर्जर

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने देश में आई डिजिटल क्रांति को भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार बताया। उन्होंने कहा कि 58 करोड़ से अधिक जन धन बैंक खातों और तकनीक की जुगलबंदी ने सरकारी पैसे की लीकेज को पूरी तरह रोक दिया है। अब योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है। यूपीआई (UPI) तकनीक ने रेहड़ी-पटरी वालों (पीएम स्वनिधि) से लेकर बड़े उद्योगपतियों तक को मजबूत किया है। गुर्जर ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में भारत ने एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए 'जीरो टॉलरेंस' की नीति साफ कर दी है। वहीं स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को ₹5 लाख सालाना के मुफ्त इलाज की सुरक्षा दी जा रही है।

युवा टीम की सक्रियता और स्थानीय स्तर पर जोरदार अभिनंदन

इस पूरे जनसंपर्क अभियान के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी अपनी पूरी युवा टीम के साथ मुस्तैद दिखे। गांव खदरी में पूर्व चेयरमैन भूपाल सिंह खदरी और मुकुल खदरी के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे शीर्ष नेताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, जिला महामंत्री प्रवीण खदरी, महिला आयोग की सदस्य सुमन चौधरी, चेयरमैन बलविंदर मुजाफत, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति जौहर, जिला उपाध्यक्ष रामपाल सिंह, मुदित बंसल प्रतापनगर, सीताराम मित्तल, मंडल अध्यक्ष गौरव गोयल, प्रियंक शर्मा, अमित चौधरी, कृष्ण खदरी, चेयरमैन विपुल गर्ग, कैलाश चंद शर्मा, जिला मीडिया प्रमुख कपिल मनीष गर्ग, उद्योगपति अश्वनी सिंगला, जगदीश धीमान और संदीप सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!