Search

गुरुग्राम में देर रात आग का तांडव: नटराज ग्रीन मैरिज गार्डन जलकर राख, टला बड़ा हादसा

May 08, 2026 10:40 AM

गुरुग्राम।  गुरुग्राम  साइबर सिटी गुरुग्राम में शुक्रवार देर रात आग ने जमकर तांडव मचाया। पुराना दिल्ली रोड स्थित मशहूर 'नटराज ग्रीन' मैरिज हॉल अचानक आग की लपटों के घेरे में आ गया। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि इसकी लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से साफ देखा जा सकता था। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने जब मैरिज गार्डन के मुख्य गेट से आग की लपटें उठती देखीं, तो हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई।

दमकल के रास्ते में रोड़ा बनी जीएमडीए की खुदाई

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके के लिए रवाना हुईं, लेकिन उन्हें घटनास्थल तक पहुंचने में नाकों चने चबाने पड़े। दरअसल, जीएमडीए (GMDA) द्वारा गार्डन के ठीक बाहर मास्टर सीवर लाइन डालने के लिए गहरी खुदाई की गई है। इस खुदाई और सड़क पर पड़े मलबे की वजह से दमकल की गाड़ियों को मैरिज हॉल के मुख्य द्वार तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल अधिकारियों ने बताया कि यदि रास्ता साफ होता, तो नुकसान को और भी कम किया जा सकता था। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया।

शॉर्ट सर्किट ने मचाई तबाही, जांच जारी

दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली की तारों में हुआ शॉर्ट सर्किट लग रहा है। हालांकि, विभाग हर पहलू से मामले की जांच कर रहा है ताकि आग लगने के पुख्ता कारणों का पता चल सके। इस भीषण अग्निकांड में मैरिज हॉल का टेंट, सजावट का सामान और काफी फर्नीचर जलकर राख हो गया है। संचालक के मुताबिक संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है, लेकिन सही आंकड़ों का पता आकलन के बाद ही चल पाएगा।

बाल-बाल बचे सैकड़ों मेहमान

इस हादसे में सबसे राहत की बात यह रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त नटराज ग्रीन में कोई बड़ा आयोजन नहीं चल रहा था। दमकल कर्मियों ने बताया कि इस मैरिज हॉल के बिल्कुल बगल में ही एक अन्य गार्डन में शादी समारोह चल रहा था, जहां सैकड़ों की संख्या में मेहमान मौजूद थे। फायर ब्रिगेड ने तत्परता दिखाते हुए आग को फैलने से रोका, वरना लपटें पड़ोसी गार्डन को भी अपनी चपेट में ले सकती थीं। पुलिस और दमकल विभाग अब यह भी जांच रहे हैं कि क्या मैरिज हॉल में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम और एनओसी (NOC) मौजूद थे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!