गुरुग्राम ट्रैफिक अपडेट: गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड होगा 8 लेन, GMDA ने दी साढ़े 6 करोड़ की मंजूरी
May 02, 2026 4:47 PM
गुरुग्राम (जग मार्ग)। साइबर सिटी गुरुग्राम की लाइफलाइन मानी जाने वाली सड़कों में से एक, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर अब सफर पहले से कहीं ज्यादा रफ्तार भरा और सुगम होगा। इस मार्ग पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम को देखते हुए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने इसे आठ लेन करने की योजना तैयार की है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष पीसी मीणा की अध्यक्षता में हुई टेंडर आवंटन समिति की बैठक में इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को अंतिम मंजूरी मिल गई है। करीब 6.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क न केवल जाम खत्म करेगी, बल्कि शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी नई मजबूती देगी।
कच्ची पटरियों की जगह बनेंगी पक्की लेन
वर्तमान में 6 किलोमीटर लंबी इस सड़क के दोनों तरफ तीन-तीन पक्की लेन हैं, जबकि उनके साथ एक-एक लेन कच्ची पड़ी हुई है। कच्चे हिस्से के कारण वाहन चालक वहां गाड़ी चलाने से बचते हैं, जिससे पूरी सड़क की क्षमता का उपयोग नहीं हो पाता। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत इन्हीं कच्चे हिस्सों को पक्का किया जाएगा। सड़क चौड़ी होने से जहां वाहनों की आवाजाही स्मूथ होगी, वहीं सड़क किनारे उड़ने वाली धूल से भी स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को छुटकारा मिलेगा।
40 मिनट का सफर अब चंद मिनटों में
गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड की सबसे बड़ी समस्या इसके चौक-चौराहों पर लगने वाला जाम है। स्लिप रोड की कमी या उनकी कम चौड़ाई की वजह से पीक आवर्स के दौरान यहां स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि चंद मिनटों की दूरी तय करने में लोगों को 40 मिनट तक का समय लग जाता है। अमित गोदारा के अनुसार, नए प्रोजेक्ट में चौराहों के डिजाइन को भी दुरुस्त किया जाएगा ताकि मुड़ने वाले वाहनों को पर्याप्त जगह मिल सके और मुख्य सड़क पर ट्रैफिक का दबाव न बढ़े।
मानसून से पहले पूरा करने की चुनौती
प्रशासन की कोशिश है कि मानसून की पहली बारिश से पहले इस काम को मुकम्मल कर लिया जाए। बारिश के दौरान जलभराव और टूटी सड़कों की समस्या गुरुग्राम के लिए नई नहीं है, ऐसे में मानसून से पहले सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का काम पूरा होने से वाहन चालकों को काफी सहूलियत होगी। इस सड़क मार्ग के विकसित होने से मिलेनियम सिटी के बड़े रिहायशी और कमर्शियल सेक्टरों को सीधा लाभ पहुंचेगा।