गुरुग्राम किडनैपिंग का खौफनाक अंत: बच्चों को अगवा कर भाग रहे 3 बदमाशों की सड़क हादसे में मौत
Apr 07, 2026 12:57 PM
गुरुग्राम। कहते हैं कि ऊपर वाले की लाठी में आवाज नहीं होती, लेकिन उसका प्रहार अचूक होता है। हरियाणा के गुरुग्राम से एक ऑटो चालक और उसके दो मासूम बच्चों को अगवा करने वाले बदमाशों के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। किडनैपिंग की इस वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों की गाड़ी उत्तर प्रदेश के बरेली में मौत का शिकार हो गई। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुए एक रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे में तीन किडनैपर्स समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कुकर्मों की सजा कभी-कभी पलक झपकते ही मिल जाती है।
हाईवे पर मचा तांडव: बाइक और टैंकर के उड़े परखच्चे
बरेली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली गांव के पास हाईवे पर मौत का नंगा नाच देखने को मिला। बदमाशों की तेज रफ्तार बोलेरो कार ने पहले एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक भारी-भरकम टैंकर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। इस हादसे में बोलेरो सवार बदमाश सिकंदर कुमार, मनमोहन और उनका एक अज्ञात साथी काल के गाल में समा गए। वहीं, बाइक सवार शमसाद और मुमताज की भी इस भिड़ंत में जान चली गई।
घायल ड्राइवर ने उगला किडनैपिंग का राज
शुरुआत में पुलिस इसे एक सामान्य सड़क हादसा मान रही थी, लेकिन जब बोलेरो के घायल चालक प्रिंस से पूछताछ की गई, तो परतें खुलनी शुरू हुईं। पुलिस के संदेह करने पर प्रिंस टूट गया और उसने जो सच बताया, उसने खाकी के भी होश उड़ा दिए। प्रिंस ने कबूल किया कि वह और उसके साथी गुरुग्राम से एक ऑटो चालक मनोज और उसके दो मासूम बच्चों को अगवा करके लाए थे। हादसे के वक्त दोनों बच्चे और उनके पिता भी उसी गाड़ी में मौजूद थे। गनीमत रही कि पिता सुरक्षित हैं, जबकि दोनों बच्चों को चोटें आई हैं जिनका इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, फरार साथियों की तलाश
बरेली के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी प्रिंस फिलहाल हिरासत में है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है कि आखिर इस अपहरण के पीछे का मकसद क्या था। गुरुग्राम पुलिस को भी इस घटना की सूचना दे दी गई है। घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों का कहना है कि बोलेरो की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि चालक को संभलने का मौका ही नहीं मिला। फिलहाल, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस इस हाई-प्रोफाइल किडनैपिंग केस के अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।