हरियाणा में सड़क हादसा: हांसी के गीता चौक पर धीमी गति से चल रहे ट्राले से टकराया कैंटर, कैंटर चालक की मौके पर मौत
Jan 22, 2026 8:36 AM
हांसी: हरियाणा के हांसी जिले के गीता चौक पर आज यानी वीरवार सुबह करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसे में कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर बने ब्रेकर के कारण आगे चल रहा एक ट्राला अचानक धीमा हो गया। उसके पीछे तेज गति से आ रहा कैंटर ट्राले से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग दहल उठे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में जान गंवाने वाले कैंटर चालक की पहचान फतेहाबाद जिले के भोड़िया खेड़ा गांव निवासी मान सिंह (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया है कि मान सिंह शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
शव निकालने में दो घंटे की मशक्कत
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस के अनुसार, हादसा इतना गंभीर था कि चालक का शव केबिन में बुरी तरह फंस गया था। शव को बाहर निकालने के लिए कटर और अन्य विशेष उपकरणों की मदद से कैंटर के अगले हिस्से को काटना पड़ा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया।
ट्राला चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद आगे चल रहे ट्राले का चालक मौके से फरार हो गया। मामले की पुष्टि करते हुए एएसआई सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्राला चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। सदर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात प्रभावित, बाद में हुआ सामान्य
हादसे के कारण गीता चौक पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस द्वारा क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया।