Search

Haryana Solar Panel: हरियाणा में सोलर पैनल लगवाना हुआ बेहद आसान, बस इस नंबर पर दें एक मिस्ड कॉल

Jun 04, 2026 12:30 PM

हरियाणा। हरियाणा के बिजली उपभोक्ताओं को अब अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और न ही ऑनलाइन आवेदन की जटिलताओं से जूझना होगा। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने सौर ऊर्जा कनेक्शनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए एक बेहद व्यावहारिक पहल की है। निगम की ओर से एक आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 9888101912 जारी किया गया है। उपभोक्ता जैसे ही इस नंबर पर मिस्ड कॉल करेंगे, उनके इलाके से जुड़े बिजली विभाग के अधिकारी खुद उनसे फोन पर संपर्क करेंगे और जरूरत पड़ने पर टेक्निकल टीम सीधे उनके घर का रुख करेगी।

आवेदन की कमियों को दूर करेगी नई व्यवस्था

बिजली निगम के अधिकारियों का मानना है कि 'प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' को लेकर आम जनता में उत्साह तो है, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण लोग आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। अक्सर देखा गया है कि ऑनलाइन फॉर्म भरते समय उपभोक्ता 'वेंडर' (सप्लायर एजेंसी) का कॉलम खाली छोड़ देते हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया अटक जाती है। अब इस नई हेल्पलाइन व्यवस्था के जरिए विभाग के कर्मचारी न सिर्फ फॉर्म की त्रुटियों को खुद सुधारेंगे, बल्कि आवेदन से लेकर सोलर प्लेटों के इंस्टॉलेशन तक की हर बाधा को आसान बनाएंगे।

बिजली अफसरों को मिला आदेश- पहले खुद लगाएं, फिर खूबियां समझाएं

योजना को धरातल पर मजबूती से उतारने के लिए निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम ने एक अनोखा और सख्त आदेश जारी किया है। उन्होंने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के तमाम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सबसे पहले खुद अपने घरों पर सोलर सिस्टम इंस्टॉल करें। प्रबंधन का मानना है कि जब अधिकारी खुद इस तकनीक का इस्तेमाल करेंगे, तो वे इसके फायदे और इसमें आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझ पाएंगे। इससे उपभोक्ताओं की शिकायतों का निपटारा भी तेजी से हो सकेगा।

₹78,000 तक की बंपर सब्सिडी और हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली

इस योजना का सीधा मकसद मध्यमवर्गीय परिवारों के बिजली बिल के बोझ को खत्म करना है। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए भारी-भरकम वित्तीय सहायता दी जा रही है। सब्सिडी के मौजूदा स्लैब के मुताबिक, 1 किलोवाट का सिस्टम लगाने पर ₹30,000 और 2 किलोवाट पर ₹60,000 की छूट सीधे मिलती है। वहीं, अगर कोई उपभोक्ता 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता का पैनल लगवाता है, तो उसे ₹78,000 तक की अधिकतम सब्सिडी का लाभ मिलेगा। इस सिस्टम के चालू होने के बाद उपभोक्ता को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल सकेगी।

फील्ड स्टाफ को मिले कड़े निर्देश

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (ऑपरेशन शाखा) के अधिकारी एफ.आर. नकवी ने बताया कि मुख्यालय से इस हेल्पलाइन नंबर को पूरी तरह एक्टिव कर दिया गया है। सभी क्षेत्रीय कार्यालयों और फील्ड स्टाफ को सख्त हिदायत दी गई है कि मिस्ड कॉल के जरिए आने वाले डेटा पर बिना किसी देरी के तुरंत रिस्पॉन्स दिया जाए, ताकि लोगों को इस सरकारी योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से मिल सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!