महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और सिरसा में आज टूट कर बरसेगा पानी, मौसम विभाग की नई चेतावनी जारी
Jun 06, 2026 10:17 AM
हरियाणा में जेठ के महीने में पड़ने वाली अमूमन तीखी धूप गायब है और इसकी जगह आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया है। प्रदेश में लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले तीन-चार दिनों से धूलभरी आंधी, गरज-चमक और झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी सूबे के एक बड़े हिस्से के लिए चेतावनी जारी की है। दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के जिलों में आज तेज रफ्तार हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है।
इन जिलों में आज आंधी-पानी का संकट, 50 की स्पीड से चलेंगी हवाएं
मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक शनिवार को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक रह सकता है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों ने साफ किया है कि इस दौरान आसमानी बिजली गिरने की भी आशंका है, इसलिए लोग खराब मौसम के दौरान सुरक्षित इमारतों में ही शरण लें।
रोहतक को छोड़ बाकी शहरों में पारा 40 के नीचे, गर्मी से बड़ी राहत
लगातार हो रही मौसमी हलचल का सीधा असर अब पारे पर दिखने लगा है। शुक्रवार को हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में करीब 3.1 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जो इस सीजन के सामान्य तापमान से 1.7 डिग्री कम है। सूबे के 23 जिलों में से सिर्फ रोहतक ही ऐसा रहा जहां पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी और नारनौल को छोड़ दें, तो गुरुग्राम, पानीपत और अंबाला समेत अधिकांश शहरों में पारा 33 से 37 डिग्री के बीच सिमट कर रह गया है।
कृषि कार्य रोकें, 11 जून से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 7 जून तक हल्की से मध्यम बारिश की यह गतिविधियां जारी रहेंगी, जिससे तापमान में फिलहाल कोई बड़ा उछाल नहीं आएगा। हालांकि इसके बाद मौसम थोड़ा साफ होगा, लेकिन राहत ज्यादा लंबी नहीं है। 11 जून के आसपास एक और मौसमी सिस्टम एक्टिव होने जा रहा है, जिससे दोबारा आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा। इसे देखते हुए महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी प्रशासन ने किसानों को अपनी कटी हुई फसलों को ढककर रखने और खुले खेतों में जाने से बचने की सलाह दी है।