Karnal News: करनाल में नवविवाहिता को ब्लैकमेल कर रहा पुराना आशिक, पति का पीछा करने पर मूनक थाने में FIR दर्ज
Jun 13, 2026 11:20 AM
करनाल। हरियाणा के करनाल जिले से रिश्तों को शर्मसार करने और एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मूनक थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नवविवाहिता ने अपने ही पुराने परिचित पर शादी के बाद ब्लैकमेल करने, पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। करीब दो महीने पहले ही पीड़िता की शादी हुई थी, लेकिन उसकी खुशियों को किसी की नजर लग गई। आरोपी पुरानी तस्वीरों और वीडियो के सहारे न सिर्फ महिला को डरा रहा है, बल्कि उसके पति को भी मानसिक तौर पर प्रताड़ित कर रहा है।
सफीदों के होटल में नशीला पदार्थ देकर बनाया था शिकार
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में अतीत की उस खौफनाक दास्तां को बयां किया है, जो अब उसके वर्तमान को बर्बाद कर रही है। शादी से पहले गांव के ही एक युवक से उसकी बातचीत होती थी। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर युवक उसे बहला-फुसलाकर सफीदों के एक होटल में ले गया। वहां उसे कोई नशीली चीज खिलाई गई और उसकी बेसुध हालत का फायदा उठाकर जबरन संबंध बनाए गए। आरोपी ने इस पूरी घिनौनी करतूत की तस्वीरें और वीडियो भी अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिए, जिन्हें बाद में उसने ब्लैकमेलिंग का हथियार बना लिया।
माफीनामे का नाटक और फिर पीठ में छुरा
इस वारदात के बाद जब मामले ने तूल पकड़ा और बात आरोपी के परिवार तक पहुंची, तो उस समय सामाजिक दबाव के चलते आरोपी और उसके परिजनों ने पैर पकड़ लिए। उन्होंने लिखित और मौखिक तौर पर माफी मांगते हुए दावा किया कि सारे वीडियो और फोटो डिलीट कर दिए गए हैं और वे भविष्य में कभी परेशान नहीं करेंगे। पिता और बेटी ने उस वक्त युवक के भविष्य और बदनामी के डर से कोई पुलिस केस नहीं किया। मगर आरोपी के मन में कुछ और ही चल रहा था। लड़की की शादी होते ही उसने नया पैंतरा बदला और एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला और उसके पति को वो वीडियो भेजने शुरू कर दिए।
पति का पीछा और ससुराल के बाहर गाड़ियों का पहरा
हद तो तब हो गई जब आरोपी ने महिला के पति को भी डराना शुरू कर दिया। शिकायत के मुताबिक, जब भी महिला का पति करनाल से अपने घर या दुकान के लिए निकलता है, आरोपी युवक, उसका चचेरा भाई और एक दोस्त अलग-अलग गाड़ियों से उसका पीछा करते हैं। इतना ही नहीं, ससुराल के आसपास भी संदिग्ध गाड़ियां लगातार चक्कर काट रही हैं, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़िता ने साफ कहा है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आरोपी उसके पति को नुकसान पहुंचा सकते हैं। फिलहाल बल्लाह चौकी की शिकायत पर मूनक थाने की एएसआई रीटा ने केस दर्ज कर जांच की कमान संभाल ली है।