Haryana police: नीलोखेड़ी पुलिस का स्पेशल एक्शन, चोरों और नशा तस्करों की खैर नहीं
Jun 18, 2026 4:51 PM
नीलोखेड़ी। (महाबीर मैहला) सफेद सोने और अनाज की खनक के लिए मशहूर निगदू की अनाज मंडी में इन दिनों एक अलग तरह की चिंता पसरी हुई है। यह चिंता फसल के दामों की नहीं, बल्कि मंडी क्षेत्र और आसपास के देहाती इलाकों में पैर पसार रहे नशे के काले कारोबार और आए दिन होने वाली छोटी-मोटी चोरियों की है। इसी गंभीर मसले को लेकर गुरुवार को निगदू अनाज मंडी में आढ़तियों, व्यापारियों और पुलिस के आला अधिकारियों की एक बेहद अहम बैठक बुलाई गई। मंडी प्रधान शमशेर सिंह दाबड़ा आहूं की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में नीलोखेड़ी के डीएसपी महाबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर व्यापारियों के साथ खुलकर संवाद किया।
"युवाओं को निगल रहा है नशा, पुलिस को दें गुप्त सूचना"— डीएसपी महाबीर सिंह
बैठक के केंद्र में युवाओं में बढ़ती नशे की लत का मुद्दा सबसे ऊपर रहा। आढ़तियों को संबोधित करते हुए डीएसपी महाबीर सिंह ने अपने चिरपरिचित कड़क अंदाज में कहा, "नशा आज किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की समस्या बन चुका है। यह हमारे युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा रणनीतिक खतरा है।" उन्होंने साफ किया कि पुलिस अपनी तरफ से तस्करों पर नकेल कस रही है, लेकिन जब तक जमीनी स्तर पर जनता का सहयोग नहीं मिलेगा, तब तक इस जाल को पूरी तरह काटना मुमकिन नहीं है। डीएसपी ने आढ़ती भाइयों से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि मंडी या आसपास किसी भी संदिग्ध युवक या पेडलर की गतिविधि दिखे, तो बिना डरे सीधे पुलिस को इनपुट दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
चोरों पर नकेल कसने की तैयारी: सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगी मंडी
बैठक के दौरान सिर्फ नशा ही नहीं, बल्कि व्यापारियों के गोदामों और दुकानों से होने वाली चोरियों पर भी तगड़ी रणनीति बनी। निगदू थाना प्रभारी (एसएचओ) सुभाष ने आढ़तियों को आधुनिक सुरक्षा मानकों को अपनाने की सलाह दी। डीएसपी ने व्यापारियों से कहा कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अच्छी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगवाएं, जिनका एंगल सड़क की तरफ हो। इसके साथ ही रात के समय निजी सुरक्षा गार्डों की तैनाती और उनकी मुस्तैदी की जांच करने को भी कहा गया। एसएचओ सुभाष ने भरोसा दिलाया कि पुलिस की पीसीआर गाड़ियां रात के समय मंडी क्षेत्र में गश्त के फेरे बढ़ाएंगी।
समाज की सामूहिक जिम्मेदारी: कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे आढ़ती
अंत में मंडी प्रधान शमशेर सिंह दाबड़ा आहूं एवं मार्किट कमेटी चेयरमैन बलराज कारसा ने डीएसपी महाबीर सिंह, एसएचओ सुभाष तथा उपस्थित सभी आढ़ती भाइयों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।इस अवसर आढ़ती एसोसिएशन के सभी सदस्य उपस्थित रहे