कोलकाता: पश्चिम बंगाल में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत यौनकर्मियों को गणना प्रपत्र भरने में मदद करने के लिए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने बुधवार को कोलकाता के कई रेड-लाइट इलाकों में शिविर का आयोजन किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि ये शिविर शहर के खिदिरपुर, कालीघाट और चेतला इलाकों के रेड-लाइट क्षेत्रों में स्थापित किए गए थे। यह कदम पूर्वी महानगर के एशिया के सबसे बड़े 'रेड-लाइट' क्षेत्र सोनागाछी में इसी तरह के सहायता शिविरों के आयोजन के एक दिन बाद उठाया गया है। निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने बताया, "ये शिविर खिदिरपुर के मुंशीगंज मार्ग पर स्थित फाइव स्टार क्लब में और 148 कालीघाट मार्ग पर तथा चेतला के 29/ए राखलदास आध्या मार्ग पर आयोजित किए जा रहे हैं।"


उन्होंने बताया कि ये विशेष शिविर सुबह 11 बजे से शुरू किए गए। इसी के साथ उन्होंने कहा, "यौनकर्मियों को गणना प्रपत्र भरने में सहायता दी जाएगी और शिविर शाम चार बजे तक चलेगा।" यौनकर्मियों और उनके बच्चों के कल्याण के लिए काम करने वाले विभिन्न संगठनों द्वारा कई चिंताजनक मुद्दे उठाए जाने के बाद इस पहल की शुरूआत की गई है। मंगलवार को सोनागाछी की सैकड़ों यौनकर्मी निर्वाचन आयोग के सहायता शिविरों में उमड़ पड़ीं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि एक भी पात्र मतदाता को मतदान से वंचित नहीं होने दिए जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!