Search

Yamuna river Boat accident: वृंदावन यमुना हादसा ने उजाड़ दिए कई परिवार, जगराओं में एक साथ जलीं 5 चिताएं

Apr 11, 2026 2:58 PM

मथुरा: मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में हुए नाव हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, जबकि 5 लोग अभी भी लापता हैं। शनिवार को अबोहर निवासी मानिक टंडन का शव बरामद हुआ, जिसकी हाल ही में सगाई हुई थी और 12 सितंबर को उसकी शादी तय थी। हादसे के बाद पंजाब के कई जिलों में शोक का माहौल है और मृतकों के अंतिम संस्कार के दौरान भावुक दृश्य सामने आए हैं।

जगराओं में एक साथ जलीं 5 चिताएं

लुधियाना जिले के जगराओं में हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों—कविता बहल, चरणजीत, मधुर बहल, पिंकी बहल और ईशान कटारिया—की चिताएं एक साथ जलाई गईं। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मधुर बहल को उसके भाई ने ‘राधा-राधा’ कहते हुए अंतिम विदाई दी, जिसने माहौल को और भी भावुक बना दिया।

लापता युवती को लेकर चिंता

लुधियाना के दुगरी क्षेत्र में अंजू गुलाटी, राकेश गुलाटी और मीनू बंसल के शव घर पहुंच गए हैं। मीनू बंसल के बेटे निखिल बंसल ने बताया कि उसकी बहन डिंकी बंसल अब भी लापता है और उसका नाम मिसिंग लिस्ट में भी शामिल नहीं है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द तलाश की मांग की है।

CM भगवंत मान ने जताया शोक

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जगराओं पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने श्मशान घाट जाकर अंतिम संस्कार में भी भाग लिया और कहा कि मृतकों की याद में एक स्मारक बनाया जाएगा।

हादसे में लापरवाही उजागर

उत्तर प्रदेश में पुलिस ने नाविक पप्पू निषाद और पांटून पुल के ठेकेदार नारायण शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि नाव में क्षमता से ज्यादा लोग बैठाए गए और किसी को लाइफ जैकेट नहीं दी गई। यात्रियों ने खतरे के बावजूद लौटने को कहा, लेकिन नाविक ने अनदेखी की, जिससे संतुलन बिगड़ा और नाव डूब गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे के बाद 22 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि 5 लोग अभी भी लापता हैं। आर्मी और प्रशासन की टीमें लगातार यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। हादसे के बाद यात्रा पर गए 130 लोग अपने घर लौट आए हैं और वृंदावन यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गई है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!