Search

Panipat News: पानीपत में दोस्त ने किया नाबालिग से दुष्कर्म, मां से नाराज होकर घर से निकली थी 17 वर्षीय किशोरी

Jun 04, 2026 4:21 PM

पानीपत। पानीपत से रिश्तों को तार-तार करने और नाबालिगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, जिले की रहने वाली एक 17 वर्षीय किशोरी की जान-पहचान करीब छह महीने पहले समीर नाम के एक लड़के से हुई थी। स्कूल आने-जाने के दौरान दोनों की मुलाकातें अक्सर होती थीं, जो धीरे-धीरे फोन पर बातचीत में बदल गईं।

चार दिन पहले घर में किसी बात को लेकर किशोरी का अपनी मां से विवाद हो गया था। गुस्से और नाराजगी में आकर वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई। जब देर शाम तक वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

आरोपी की बहन के घर मिली किशोरी, खुली खौफनाक हकीकत

परिजनों ने अपनी स्तर पर रिश्तेदारियों और सहेलियों के यहाँ पूछताछ की, लेकिन लड़की का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच सुराग जुटाते हुए जब परिजन समीर के बारे में पता कर उसकी बहन के घर पहुँचे, तो गायब किशोरी वहीं बरामद हुई।

घर लौटने पर जब डरी-सहमी नाबालिग से तसल्ली से पूछताछ की गई, तो उसने रोते हुए अपने साथ हुई दरिंदगी की कहानी बयां की। पीड़िता का आरोप है कि घर से अकेले निकलने के बाद समीर उसे सहारा देने के बहाने अपनी बहन के सूने घर ले गया और वहाँ उसकी बेबसी का फायदा उठाते हुए उसके साथ जबरन गलत काम (दुष्कर्म) किया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की धरपकड़ के लिए दबिश

इस खौफनाक खुलासे के बाद पीड़िता की मां तुरंत बेटी को लेकर थाने पहुँची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता और पीड़िता के नाबालिग होने के मद्देनजर तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपी समीर के खिलाफ दुष्कर्म और बाल यौन अपराध संरक्षण कानून (POCSO एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और कोर्ट में उसके बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। वारदात के बाद से ही आरोपी समीर अपने ठिकाने से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!