Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सबसे ज्यादा असर अमृतसर, लुधियाना और जालंधर में देखने को मिला। अमृतसर में सुबह के समय विजिबिलिटी पूरी तरह शून्य हो गई, जिसके चलते सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। इसके अलावा तरनतारन, बठिंडा, बरनाला, संगरूर, पटियाला, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला, मोगा, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, नवांशहर, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर और मानसा सहित कई जिलों में घनी धुंध का असर देखा गया।
कम विजिबिलिटी के चलते हो रहे सड़क हादसे
घने कोहरे के कारण सड़क हादसों की घटनाएं सामने आई हैं। शुक्रवार सुबह जालंधर–चंडीगढ़ रोड पर बलाचौड़ के पास नेशनल हाईवे पर खड़ी एक ट्रॉली से एम्बुलेंस की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एम्बुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस मरीज को लेकर जा रही थी, तभी अचानक कम विजिबिलिटी के चलते यह दुर्घटना हो गई। घटना के बाद तुरंत दूसरी एम्बुलेंस मौके पर बुलाई गई, जिसमें मरीज को शिफ्ट कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम भी मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से क्षतिग्रस्त एम्बुलेंस को सड़क से किनारे हटवाया गया। पुलिस के अनुसार, घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ।
अमृतसर में कोहरे के कारण बड़ा हादसा होते होते टला
अमृतसर के अजनाला क्षेत्र में भी धुंध के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिविल अस्पताल के पास एक स्कूल वैन और ऑल्टो कार की आपस में टक्कर हो गई। जानकारी के मुताबकि कार चालक अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि कार में सवार बच्चे सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद स्कूल वैन चालक धुंध का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। कार मालिक ने आरोप लगाया कि स्कूल वैन चालक शराब के नशे में था और उन्होंने स्कूलों में तत्काल छुट्टियां घोषित करने की मांग की, हालांकि सरकार पहले ही 21 से 31 दिसंबर तक स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा कर चुकी है।
मोगा में फिरोजपुर मेन रोड पर सरकारी गेस्ट हाउस के सामने एक कॉलेज बस ने पैदल जा रहे व्यक्ति को कुचल दिया। बस मोगा से फिरोजपुर की ओर जा रही थी, जबकि पीड़ित सड़क किनारे पैदल चल रहा था। घनी धुंध के कारण बस चालक को व्यक्ति दिखाई नहीं दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं जालंधर में देर रात घने कोहरे के चलते एक कार अधूरे पुल के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक को भी चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार पुल निर्माण स्थल पर रेडियम टेप या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। कार हिमाचल प्रदेश नंबर की थी और जालंधर कैंट की ओर जा रही थी।
कोहरे से हवाई यातायात पर भी असर
कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से आने-जाने वाली मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और बेंगलुरु सहित कुल पांच फ्लाइटें देरी से संचालित हुईं। इस बीच चंडीगढ़ में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर मानवाधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 20 दिसंबर से अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है। तापमान की बात करें तो शुक्रवार को नवांशहर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे के और बढ़ने की चेतावनी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।