Panipat News: पानीपत में रिश्तों का कत्ल, 12 साल की बेबस मासूम को नशीली गोलियां देकर फूफा ने किया रेप
Jun 12, 2026 2:05 PM
पानीपत। हरियाणा के औद्योगिक शहर पानीपत से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। यहां एक 12 साल की मासूम और बेहद लाचार बच्ची को उसके सगे फूफा ने ही अपनी हवस का शिकार बना डाला। इस घिनौने कृत्य का भंडाफोड़ गुरुवार की रात करीब 9 बजे तब हुआ, जब शहर की एक सुनसान सड़क किनारे बदहवास और अर्धबेहोशी की हालत में पड़ी बच्ची ने वहां से गुजर रहे राहगीरों को 'अंकल-अंकल' कहकर पुकारा।
राहगीर युवकों ने दिखाई इंसानियत, अस्पताल पहुंचते ही हरकत में आई पुलिस
सड़क से बाइक पर गुजर रहे दो दोस्तों ने जब एक बच्ची की कराहने और सिसकने की आवाज सुनी, तो उन्होंने तुरंत अपनी मोटरसाइकिल रोक दी। बच्ची की नाजुक और लहूलुहान हालत को देखकर दोनों युवकों ने बिना वक्त गंवाए इंसानियत का फर्ज निभाया और उसे अपनी बाइक पर बैठाकर सीधे पानीपत के सिविल अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने बच्ची की हालत देखते ही मामले की संवेदनशीलता को समझा और फौरन स्थानीय पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) को आपातकालीन सूचना भेजी।
मां की मौत, पिता का दूसरा निकाह और फिर मेवात-पानीपत बॉर्डर पर मजदूरी
सूचना मिलते ही पुलिस और सीडब्ल्यूसी की टीम अस्पताल पहुंची। शुरुआत में सहमी हुई बच्ची कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी, लेकिन जब महिला काउंसिलिंग टीम ने उसे सुरक्षा का अहसास कराया और प्यार से पुचकारा, तो उसका सब्र का बांध टूट गया। रोते हुए मासूम ने जो दास्तान बयां की, उसे सुनकर वहां मौजूद अनुभवी अधिकारियों की आंखें भी नम हो गईं। बच्ची ने बताया कि बचपन में ही उसकी मां का साया सिर से उठ गया था। मां की मौत के बाद पिता ने दूसरा निकाह कर लिया, जिसके बाद घर में उसे पूछने वाला कोई नहीं बचा। मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली यह बच्ची पेट पालने के लिए कभी-कभार बॉर्डर पार कर पानीपत में कूड़ा बीनने आ जाती थी और एक मुर्गी फॉर्म पर मजदूरी करती थी।
खेतों के रास्ते ले गया बड़ा फूफा, छोटे फूफा की करतूत भी आई सामने
मासूम ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि गुरुवार को दिन के वक्त उसका बड़ा फूफा उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले आया। वह उसे मुख्य सड़क के बजाय खेतों के सुनसान और कच्चे रास्तों से पैदल ले जाने लगा। बीच रास्ते में फूफा ने उसे कोई चीज बताकर जबरन 5 नशीली गोलियां निगलवा दीं। दवा खाते ही बच्ची का सिर चकराने लगा और वह बेसुध होकर गिर पड़ी।
इसी लाचारी का फायदा उठाकर फूफा ने खेतों के बीच उसके साथ रेप किया और जब बच्ची की हालत ज्यादा बिगड़ने लगी, तो वह उसे सड़क किनारे मरणासन्न हालत में फेंककर भाग निकला। बच्ची ने यह भी चौंकाने वाला खुलासा किया कि यह दरिंदगी पहले भी हो चुकी है, और उसका छोटा फूफा भी उसे अपने मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत संगीन धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।