Search

सोनीपत मर्डर-सुसाइड: भाभी की हत्या कर शख्स ने दी जान, दीवार पर लिख गया खौफनाक राज

Mar 18, 2026 11:37 AM

सोनीपत। सोनीपत का पॉश इलाका सेक्टर-14 बुधवार को उस वक्त दहल गया, जब मकान नंबर 1120 से चीख-पुकार की खबरें आईं। यहाँ रहने वाले महावीर नामक व्यक्ति ने अपनी सगी भाभी आशा की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी मौत को गले लगा लिया। वारदात की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुँची पुलिस को घर के भीतर का मंजर देख कर पैरों तले जमीन खिसक गई। ग्राउंड फ्लोर पर आशा का खून से लथपथ शव पड़ा था, जबकि पहली मंजिल पर महावीर का शव बरामद हुआ।

दीवार पर लिखी 'मौत की इबारत'

इस दोहरे हत्याकांड और आत्महत्या के मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब पुलिस को घर के भीतर सुसाइड नोट मिले। महावीर ने मरने से पहले न केवल कागज के टुकड़ों पर, बल्कि बेड और कमरे की दीवार पर भी अपनी नफरत और मजबूरी की इबारत लिख दी थी। सुसाइड नोट में महावीर ने दावा किया कि उसके भाई बीर सिंह की कुछ समय पहले हुई मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि उसकी हत्या की गई थी। महावीर ने इस कथित 'मर्डर' का जिम्मेदार अपनी भाभी आशा, उसकी बहन ऊषा और जीजा दिनेश को ठहराया है।

भाई की मौत का बदला या मानसिक अवसाद?

शुरुआती जांच में सामने आया है कि महावीर अपने भाई बीर सिंह की मौत के बाद से गहरे सदमे और गुस्से में था। उसे शक था कि उसकी भाभी ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसके भाई को रास्ते से हटाया है। इसी प्रतिशोध की आग में जलते हुए उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। महावीर अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहता था, जबकि भाभी आशा नीचे वाले फ्लोर पर अकेली रहती थी। बुधवार को मौका पाकर महावीर ने कुल्हाड़ी या किसी अन्य तेजधार हथियार से हमला कर आशा की जीवनलीला समाप्त कर दी।

पुलिस हर एंगल से खंगाल रही है सुराग

सेक्टर-27 थाना प्रभारी सवित कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही एफएसएल की टीम को मौके पर बुला लिया गया था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या बीर सिंह की मौत के मामले में महावीर के आरोपों में कोई सच्चाई है या फिर यह महज किसी गलतफहमी का हिंसक अंजाम था। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस उन तीन लोगों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है, जिनका नाम महावीर ने सुसाइड नोट में दर्ज किया है। फिलहाल, इस सनसनीखेज मामले ने पारिवारिक रिश्तों के बीच पनपती गहरी खाई को उजागर कर दिया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!