Search

गुड़गांव में सड़क हादसे के बाद लोगों ने घायल को बचाया, चोरों ने चुराई क्षतिग्रस्त बाइक

May 02, 2026 12:42 PM

गुरुग्राम। गुरुग्राम के फर्रूखनगर थाना क्षेत्र से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर किसी का भी सिर शर्म से झुक जाए। सड़क पर हुए एक भीषण हादसे के बीच जहां कुछ मददगार लोग घायल की जान बचाने की जद्दोजहद कर रहे थे, वहीं समाज में छिपे कुछ 'गिद्ध' अपनी नीचता का प्रदर्शन कर रहे थे। जिस वक्त घायल बुजुर्ग अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे, शातिर चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए उनकी दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर हाथ साफ कर दिया।

हादसे के तीन दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, गांव साढराणा निवासी ऋषि ने बताया कि उनके पिता हरिकिशन 27 मार्च को अपनी स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर सुलतानपुर के पास सूरज होटल की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ब्रेजा गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए घायल हरिकिशन को तुरंत एसजीटी अस्पताल पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर उन्हें सेक्टर-90 के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन सिर और शरीर में लगी गंभीर चोटों के कारण 30 मार्च को उन्होंने दम तोड़ दिया।

अंतिम संस्कार के बाद जब बाइक लेने पहुंचे परिजन...

पिता के निधन और अंतिम संस्कार की औपचारिकताओं के बाद परिवार जब घटनास्थल पर पहुंचा ताकि क्षतिग्रस्त बाइक को वापस लाया जा सके, तो वहां का नजारा देख सब दंग रह गए। मौके से बाइक गायब थी। परिजनों को पहले लगा कि शायद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत वाहन को जब्त कर थाने खड़ा कर दिया होगा। लेकिन जब वे फर्रूखनगर थाने पहुंचे, तो पुलिस के जवाब ने उन्हें हैरान कर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि उन्होंने मौके से कोई बाइक बरामद नहीं की है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, चोरों की तलाश जारी

हादसे के शिकार व्यक्ति की संपत्ति पर इस तरह हाथ साफ करना पुलिस के लिए भी चुनौती बना हुआ है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी का कहना है कि वे आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि हादसे के तुरंत बाद बाइक कौन उठा ले गया। यह घटना न केवल सुरक्षा पर सवाल उठाती है, बल्कि समाज के गिरते नैतिक स्तर का भी कड़वा सच बयां करती है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!