गुरुग्राम: एमबीबीएस छात्र ने पीजी में लगाया फंदा, 5 दिन बाद सड़ी-गली हालत में मिला शव
Apr 24, 2026 10:33 AM
गुरुग्राम। औद्योगिक नगरी मानेसर के बासकुसला इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक पीजी के कमरे से असहनीय बदबू आने लगी। शंकर की ढाणी स्थित श्रीकृष्ण पीजी के संचालक कपिल यादव ने बुधवार शाम जब यह दुर्गंध महसूस की, तो तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची आईएमटी मानेसर थाना पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का मंजर देख हर कोई दहल गया। वहां एमबीबीएस अंतिम वर्ष के छात्र अंकित का शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस के मुताबिक, शव काफी हद तक गल चुका था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह खुदकुशी चार-पांच दिन पहले की गई होगी।
खामोशी के पीछे छिपा था दर्द
जांच में सामने आया है कि अंकित मूल रूप से महेंद्रगढ़ के खामपुर गांव का रहने वाला था और जनवरी से ही यहां रहकर अपनी डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी कर रहा था। पीजी संचालक और पड़ोसियों की मानें तो अंकित बेहद शांत स्वभाव का था और किसी से ज्यादा मेल-जोल नहीं रखता था। यही वजह रही कि जब वह कई दिनों तक कमरे से बाहर नहीं निकला, तो किसी का ध्यान उस पर नहीं गया। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं।
15 अप्रैल के बाद टूट गया था संपर्क
अंकित के परिजनों के लिए यह खबर किसी वज्रपात से कम नहीं है। मृतक के भाई अश्विनी ने बताया कि आखिरी बार 15 अप्रैल को व्हाट्सएप पर अंकित से बात हुई थी। उसके बाद से न तो उसका फोन मिल रहा था और न ही वह मैसेज देख रहा था। कभी फोन स्विच ऑफ आता तो कभी कॉल ट्रांसफर पर लगी होती थी। अंकित के मामा सूबे सिंह ने भी बताया कि वह स्वभाव से काफी अंतर्मुखी था और परिवार से भी बहुत कम बातें साझा करता था। पुलिस ने मृतक की पहचान उसके पास मिले दस्तावेजों से की और गांव के सरपंच के जरिए परिजनों तक सूचना पहुंचाई।
करियर के आखिरी पड़ाव पर दी जान
एक तरफ जहां अंकित डॉक्टर बनने के अपने सपने के बिल्कुल करीब था, वहीं दूसरी ओर इस आत्मघाती कदम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या पढ़ाई का दबाव था या कोई निजी परेशानी, पुलिस अब अंकित के कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया अकाउंट्स खंगाल रही है ताकि आत्महत्या की असल वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।