ब्लैक कॉफी के साथ डार्क चॉकलेट खाने से सच में घटता है वजन? जानिए न्यूट्रिशनिस्ट का जवाब
Jun 19, 2026 6:00 PM
Coffee Chocolate Weight Loss: वजन कम करने की जद्दोजहद में जुटे लोग कभी ग्रीन टी का सहारा लेते हैं तो कभी कड़े डाइट चार्ट के चक्कर में भूखे रहते हैं। इन सबके बीच, आजकल फिटनेस फ्रीक्स और सोशल मीडिया पर एक नया ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है— ब्लैक कॉफी के साथ डार्क चॉकलेट का सेवन। दावा किया जा रहा है कि यह अनोखा मेल शरीर में जमा पुरानी से पुरानी चर्बी को तेजी से कम कर सकता है। क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और हेल्थ इन्फ्लुएंसर डॉ. शिखा सिंह के अनुसार, यह कॉम्बिनेशन वाकई असरदार है, बशर्ते इसे सही तरीके और सही मात्रा में लिया जाए।
मेटाबॉलिज्म को देता है रफ्तार, फैट जमने से रोकता है
डॉ. शिखा सिंह बताती हैं कि जब आप ब्लैक कॉफी और डार्क चॉकलेट को एक साथ अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं, तो यह शरीर की कैलोरी खर्च करने की स्वाभाविक प्रक्रिया को गति देता है। तकनीकी भाषा में कहें तो यह मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है। इसके अलावा, यह कॉम्बिनेशन शरीर के भीतर नए फैट सेल्स को जमा होने की रफ्तार को भी धीमा कर देता है। यही वजह है कि वेट लॉस जर्नी पर निकले लोग अब शाम की चाय छोड़कर इस विकल्प को अपना रहे हैं।
बार-बार लगने वाली भूख और मीठे की तलब होगी दूर
डाइटिंग के रास्ते में सबसे बड़ा रोड़ा अचानक लगने वाली भूख और कुछ मीठा या चटपटा खाने की तीव्र इच्छा (क्रेविंग्स) होती है। न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ब्लैक कॉफी और डार्क चॉकलेट का यह कड़क स्वाद दिमाग को संतुष्टि का संकेत देता है, जिससे पेट भरा-भरा महसूस होता है। नतीजा यह होता है कि आप बेवजह की स्नैकिंग और ओवरईटिंग से बच जाते हैं, जो वजन बढ़ने का सबसे बड़ा कारण है।
अंदरूनी सूजन कम कर दिल को रखेगा महफूज
इस कॉम्बिनेशन के फायदे सिर्फ वजन घटाने तक ही सीमित नहीं हैं। ब्लैक कॉफी और डार्क चॉकलेट, दोनों ही शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं। ये तत्व शरीर के भीतर मौजूद हानिकारक कणों से लड़कर अंदरूनी सूजन (इंफ्लेमेशन) को कम करते हैं और रोजमर्रा के तनाव व थकान को दूर भगाते हैं। डॉ. शिखा सिंह का कहना है कि यह मिश्रण शरीर में इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर करता है, जिससे ब्लड शुगर को मैनेज करने और दिल की बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद मिलती है। हालांकि, गंभीर मरीजों को बिना डॉक्टरी सलाह के इसे शुरू नहीं करना चाहिए।
सेवन का सही तरीका और समय जानना जरूरी
इस नुस्खे का पूरा लाभ उठाने के लिए कुछ बुनियादी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। सबसे पहली शर्त यह है कि आपकी ब्लैक कॉफी में चीनी, दूध या गुड़ की एक बूंद भी नहीं होनी चाहिए, अन्यथा कैलोरी का गणित बिगड़ जाएगा। वहीं, डार्क चॉकलेट खरीदते वक्त ध्यान दें कि उसमें कोको की मात्रा कम से कम 70 से 80 प्रतिशत हो। इसे लेने का सबसे सही समय सुबह के नाश्ते और दोपहर के खाने के बीच का अंतराल (मिड-मॉर्निंग) या फिर शाम की हल्की भूख का वक्त है। जिन लोगों को अनिद्रा या नींद न आने की बीमारी है, वे शाम 5 बजे के बाद इसके सेवन से परहेज करें, क्योंकि कॉफी में मौजूद कैफीन आपकी नींद उड़ा सकता है।
एक बात हमेशा याद रखें
आखिर में यह समझना सबसे जरूरी है कि कोई भी खाद्य पदार्थ अपने आप में वजन घटाने का एकमात्र जरिया नहीं हो सकता। ब्लैक कॉफी और डार्क चॉकलेट आपकी वेट लॉस जर्नी को रफ्तार जरूर दे सकते हैं, लेकिन इसके साथ संतुलित खानपान, रोजाना एक्सरसाइज और एक एक्टिव लाइफस्टाइल का होना अनिवार्य है। बिना पसीना बहाए और बिना लाइफस्टाइल बदले सिर्फ इस कॉम्बिनेशन के भरोसे वजन कम करना नामुमकिन है।