Pehowa Politics: विधायक मनदीप चट्ठा का बड़ा बयान, करणजीत और मोहन लाल भाँवरा संगठन को देंगे नई धार
Jun 19, 2026 6:32 PM
पिहोवा। (अभिषेक पूर्णिमा) हरियाणा में आगामी सियासी तपिश के बीच कांग्रेस पार्टी अपने सांगठनिक ढांचे को दुरुस्त करने में जुट गई है। इसी कड़ी में पिहोवा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के दो कर्मठ चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। करणजीत सिंह चठ्ठा को पिहोवा ब्लॉक और मोहन लाल भाँवरा को इस्माईलाबाद ब्लॉक का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। शीर्ष नेतृत्व के इस फैसले से हलके के कार्यकर्ताओं में एक नई जान आ गई है। अपनी नियुक्ति के तुरंत बाद दोनों नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने पूर्व मंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा और स्थानीय विधायक मनदीप चट्ठा के आवास पर पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की।
'पार्टी की विचारधारा को घर-घर पहुंचाएंगे दोनों साथी'
चठ्ठा निवास पर आयोजित एक अनौपचारिक कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री हरमोहिंदर सिंह चठ्ठा और हलके के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में दोनों नवनियुक्त अध्यक्षों का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर बधाई दी। नए पदाधिकारियों की पीठ थपथपाते हुए विधायक मनदीप चट्ठा ने कहा कि करणजीत और मोहन लाल दोनों ही लंबे समय से जमीन पर पार्टी के लिए पसीना बहा रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि ये दोनों साथी कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों और विचारधारा को हलके के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का काम करेंगे।
एकजुटता का संदेश: संगठन को धार देने की तैयारी
विधायक मनदीप चठ्ठा ने इस बात पर जोर दिया कि पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस परिवार पूरी तरह से एकजुट है। आगामी दिनों में संगठन को और अधिक सशक्त करने के लिए गांव-गांव जाकर कमेटियों का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य ध्येय जनसेवा और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद रखना है। इस गरिमामय मिलन समारोह के दौरान कुरुक्षेत्र और पिहोवा राजनीति के कई पुराने चेहरे भी मौजूद रहे, जिनमें वरिष्ठ नेता गोपाल कौशिक, पूर्व चेयरमैन सुभाष रामगढ़ रोड, राकेश बधवार और जसमेर बटेडी प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी नेताओं ने एक सुर में नई टीम को पूरा सहयोग देने का संकल्प लिया।