Search

जिस पति को माना जीवनसाथी, वो निकला गांजा तस्कर और धोखेबाज

May 06, 2026 1:39 PM

पानीपत । सपनों के साथ पीहर की चौखट लांघकर ससुराल पहुंची एक बेटी के अरमानों पर पानीपत में पानी फिर गया। नांगलखेड़ी की रहने वाली एक युवती का आरोप है कि जिस शख्स के साथ उसने निकाह किया, वह न केवल अपराधी निकला, बल्कि दूसरी महिला के लिए उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। दहेज की अंतहीन मांगों और पति के काले कारनामों के विरोध पर पीड़िता को इस कदर प्रताड़ित किया गया कि मामला अब थाने की दहलीज तक पहुंच गया है।

निकाह के चंद दिनों बाद ही शुरू हुआ 'दहेज का खेल'

पीड़िता का निकाह अगस्त 2024 में शामली (यूपी) के जहांगीर के साथ हुआ था। मां-बाप ने अपनी क्षमता से बाहर जाकर करीब 3 लाख रुपये और घरेलू सामान देकर बेटी को विदा किया था। लेकिन ससुराल पहुंचते ही पति, सास, ससुर और ननंदों का असली चेहरा सामने आ गया। आरोप है कि ससुरालियों ने नई बाइक, ससुर के लिए सोने की चेन और सास-ननंदों के लिए सोने की अंगूठी लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मना करने पर विवाहिता को बेरहमी से पीटा गया और बीमार होने पर इलाज तक नहीं कराया गया।

जेल की सलाखों और अवैध संबंधों का सच

विवाहिता के पैरों तले जमीन तब खिसक गई जब दिसंबर 2024 में उसके पति को पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल से बाहर आने के बाद आरोपी जहांगीर और भी ज्यादा हिंसक हो गया। फरवरी 2025 में पीड़िता ने जब पति के फोन में किसी दूसरी महिला के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें देखीं, तो घर में विवाद और बढ़ गया। विरोध करने पर उसे फिर से घर से निकाल दिया गया और धमकी दी गई कि उसे तलाक देकर वह दूसरी महिला से निकाह कर लेगा।

पुलिस और मध्यस्थता केंद्र की कार्रवाई

जुल्म की हद तब हो गई जब पति की जमानत के लिए मायके से 50 हजार रुपये लाने का दबाव बनाया गया। अप्रैल 2025 में आरोपी पति उसे बिना बताए दिल्ली रहने लगा और ससुर उसे मारपीट कर मायके छोड़ आए। मामला पहले जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मध्यस्थता केंद्र पहुंचा, लेकिन जब वहां भी बात नहीं बनी, तो 5 मई को पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति जहांगीर समेत ससुराल के 6 सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!