Search

Haryana News: किसान की बेटी के विवाह समारोह में सोनीपत पहुंचे राहुल गांधी, परिवार संग खाया चूरमा

Mar 10, 2026 12:23 PM

सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक किसान की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे। किसान संजय के घर आयोजित इस कार्यक्रम में राहुल गांधी करीब पौने 11 बजे पहुंचे। जैसे ही वह अपनी कार से उतरे, उनके हाथ से मोबाइल फोन गिर गया, जिसे उन्होंने तुरंत झुककर उठा लिया। मौके पर रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई स्थानीय नेता और परिवार के लोग बुके लेकर स्वागत के लिए मौजूद थे।


हरियाणवी पगड़ी पहनाकर हुआ स्वागत

शादी समारोह में पहुंचने पर राहुल गांधी का पारंपरिक हरियाणवी अंदाज में स्वागत किया गया। परिवार और मेहमानों ने उन्हें हरियाणवी पगड़ी पहनाई, जो यहां सम्मान का प्रतीक मानी जाती है। जब राहुल गांधी शादी वाले घर में प्रवेश करने लगे तो दरवाजे पर खड़े युवकों ने जोर से “राहुल भाई राम-राम” कहा। राहुल ने हाथ जोड़कर मुस्कराते हुए अभिवादन स्वीकार किया और अंदर चले गए।


परिवार के साथ बैठकर खाया चूरमा

किसान संजय की बेटी तनु की शादी में राहुल गांधी लगभग आधा घंटा रुके। परिवार की सदस्य कीर्ति जाखड़ ने बताया कि राहुल गांधी ने शादी की रस्मों और स्थानीय परंपराओं के बारे में पूछा। इस दौरान उन्हें दूध और चूरमा परोसा गया। यह चूरमा संजय की पत्नी सुनीता देवी ने खुद तैयार किया था, जिसे राहुल गांधी ने खुशी से खाया और एक गिलास दूध भी पिया।


घरातियों के बीच जमीन पर बैठे राहुल

शादी वाले घर में राहुल गांधी घरातियों के बीच जमीन पर बिछे गद्दों पर बैठ गए। आसपास बैठी महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं और राहुल बीच-बीच में उन गीतों और रस्मों के बारे में जानकारी लेते रहे। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने उनसे बातचीत भी की और शादी की परंपराओं के बारे में बताया।


किसान परिवार से पुराने संबंध

रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने एक साधारण किसान परिवार के कार्यक्रम में पहुंचकर अपना वादा निभाया है। उन्होंने बताया कि किसान संजय सीमांत किसान हैं और उनके पास लगभग आधा एकड़ जमीन है। तीन साल पहले राहुल गांधी इसी किसान के खेत में पहुंचे थे, जहां उन्होंने ट्रैक्टर चलाया था और धान की रोपाई में भी हिस्सा लिया था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!