Trending News: न्यूयॉर्क की CEO पोती पर भारी पड़ा भारत का 'मुफ्त कंबल', दादी की नाराजगी का वीडियो हुआ वायरल
Jun 19, 2026 3:33 PM
दुनिया। आप दुनिया के किसी भी कोने में पैर जमा लें, कामयाबी के ऊंचे से ऊंचे शिखर को छू लें या करोड़ों का साम्राज्य खड़ा कर लें, लेकिन एक पारंपरिक भारतीय परिवार के सामने आपकी ये सारी उपलब्धियां तब तक अधूरी मान ली जाती हैं, जब तक कि आपके हाथ पीले न हो जाएं। कुछ ऐसा ही दिलचस्प और आंखें खोलने वाला वाकया अमेरिका के न्यूयॉर्क में रहने वाली कामयाब भारतीय मूल की उद्यमी हेमाक्षी मोटका के साथ हुआ है। हेमाक्षी वहां एक बड़ी कंपनी की सीईओ हैं, करोड़ों का टर्नओवर संभालती हैं और हाल ही में उन्होंने 42 किलोमीटर की कठिन मैराथन भी पूरी की है। लेकिन भारत में बैठी उनकी दादी के लिए ये सारे रिकॉर्ड्स तब धरे के धरे रह गए, जब उनकी पोती उन्हें एक सरकारी आयोजन में मिलने वाला 'मुफ्त का कंबल' नहीं दिला पाई।
शादीशुदा बेटियों को मिल रहा था सम्मान, दादी को लौटना पड़ा खाली हाथ
पूरा माजरा तब सामने आया जब हेमाक्षी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। हेमाक्षी ने हंसते हुए बताया कि भारत में उनके होमटाउन (पैतृक शहर) में एक सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम का नियम था कि वहां शहर की सिर्फ उन्हीं बेटियों को सम्मान के रूप में मुफ्त कंबल दिया जाएगा, जो शादीशुदा हैं। हेमाक्षी की दादी भी बड़े चाव और उम्मीद के साथ वहां पहुंची थीं, लेकिन जब आयोजकों को पता चला कि उनकी पोती अभी तक कुंवारी है, तो उन्हें खाली हाथ वापस भेज दिया गया।
दादी का ताना और हेमाक्षी का समाज को करारा जवाब
इस बात से दादी इतनी आहत और नाराज हुईं कि उन्होंने सीधे न्यूयॉर्क फोन घुमाकर अपनी सीईओ पोती को ताना मार दिया। दादी के मुताबिक, ऐसी कामयाबी का क्या फायदा जो वक्त पर एक कंबल भी न दिला सके। इस मजेदार नोकझोंक से इतर हेमाक्षी ने अपनी पोस्ट के जरिए एक बेहद गंभीर और कड़वी सच्चाई को बयां किया है। उन्होंने लिखा कि हमारा समाज आज भी किसी महिला की काबिलियत और उसके वजूद को इस बात से नापता है कि उसकी शादी हुई है या नहीं, या उसे किसी पुरुष ने अपने जीवनसाथी के रूप में चुना है या नहीं। हेमाक्षी ने आगे लिखा कि असली ताकत खुद के दम पर करियर बनाने, रिस्क लेने और अपने फैसलों पर गर्व करने में है। कंबल तो एक भौतिक चीज है, लेकिन खुद का कमाया हुआ आत्मविश्वास जिंदगी भर साथ रहता है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने लिए मजे, इंटरनेट पर आई कमेंट्स की बाढ़
हेमाक्षी के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और दादी-पोती के इस रिश्ते पर मुस्कुरा रहे हैं। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, "अब एक ऐसा फंक्शन होना चाहिए जहां सिर्फ सिंगल लड़कियों को ही गिफ्ट मिले, ताकि पूरा गेम ही पलट जाए।" वहीं दूसरे यूजर ने दादी की पैरवी करते हुए लिखा, "दादी की भी कोई गलती नहीं है, वे पुराने दौर की हैं और उनका सोचने का तरीका अलग है।" एक अन्य नेटिजन ने मजे लेते हुए लिखा, "यह दरअसल दादी का आपको इमोशनल ब्लैकमेल करने का एक नायाब तरीका है, ताकि आप जल्द से जल्द शादी का मन बना लें।"