Search

Palwal News: हरियाणवी स्टेज डांसर से रेप मामले में होमगार्ड SI, सरकारी डॉक्टर और दो हवलदारों पर FIR दर्ज

Jun 19, 2026 5:25 PM

पलवल। हरियाणा के सांस्कृतिक और लोक कलाकार हलकों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पलवल की एक नामचीन हरियाणवी स्टेज डांसर और सिंगर ने खाकी की आड़ में चल रहे शोषण के एक बड़े खेल का पर्दाफाश किया। पीड़िता ने पलवल शहर थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि होमगार्ड के सब-इंस्पेक्टर (SI) मनोज कुमार ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। वारदात की शुरुआत इसी साल फरवरी महीने में हुई थी, जब पीड़िता अपनी बेटी से जुड़े एक मामले के सिलसिले में थाने गई थी।

वहां तैनात हवलदार महेंद्र ने उसकी मुलाकात एसआई मनोज से करवाई थी। मनोज ने केस में मदद का भरोसा देकर महिला को फरीदाबाद के एक होटल में बुलाया और झांसा दिया कि वहां किसी बड़े अधिकारी से उसकी पैरवी करवानी है। आरोप है कि होटल के कमरे में मनोज ने महिला को कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीली चीज मिलाकर पिला दी और बेहोशी की हालत में उसके साथ गलत काम किया।

शादी का झांसा देकर महीनों शोषण, बाद में खुला तीन बच्चों के बाप का राज

महिला का कहना है कि जब उसे होश आया और उसने पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी, तो आरोपी एसआई पैंतरे बदलने लगा। उसने महिला को शादी का झांसा दिया और लगातार कई महीनों तक डरा-धमकाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता को सेक्टर-2 स्थित एक मकान में भी रखा, जहां महिला का संगीत और स्टेज शो से जुड़ा सामान रखा हुआ था। कुछ समय बाद जब पीड़िता ने खुद तफ्तीश की, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसे पता चला कि शादी का दम भरने वाला मनोज न सिर्फ पहले से शादीशुदा है, बल्कि तीन बच्चों का बाप भी है। जब महिला ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया और शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकियां देने लगा।

डॉक्टर और हवलदारों की चौकड़ी: घर में शराब पीना और बदसलूकी का आरोप

इस पूरे मामले में पुलिस महकमे और सरकारी तंत्र की साख पर तब और बट्टा लग गया, जब जांच के दायरे में पलवल सिविल अस्पताल के एक डॉक्टर और दो पुलिसकर्मियों की भूमिका भी सामने आई। तलाकशुदा और पिछले चार साल से स्टेज प्रोग्राम के जरिए अपने परिवार का पेट पाल रही पीड़िता ने बताया कि एसआई मनोज के साथ हवलदार महेंद्र, हवलदार अंकुर और सरकारी अस्पताल के डॉ. राजेश अक्सर उसके घर धमक जाते थे।

ये चारों वहां बैठकर शराब पीते थे। महिला ने जब अपने घर में इस तरह की हरकतों का विरोध किया, तो उन्होंने गंदी टिप्पणियां और फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। महिला का आरोप है कि एक बार रोकने की कोशिश करने पर डॉ. राजेश ने सरेआम उसका हाथ तक पकड़ लिया था। इस प्रताड़ना और कानूनी लड़ाई के चक्कर में महिला का रोजगार और स्टेज शो पूरी तरह बंद हो चुके हैं।

पुलिसिया कार्रवाई: चार रसूखदारों पर केस दर्ज, पर गिरफ्तारी अब तक नहीं

मामला जब तूल पकड़ने लगा और उच्च अधिकारियों तक पहुंचा, तो पलवल शहर थाना पुलिस ने आनन-फानन में चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। एफआईआर में नामजद आरोपियों की पहचान होमगार्ड एसआई मनोज (निवासी खानपुर, फिरोजपुर झिरका), हवलदार महेंद्र (निवासी मंढनाका), डॉ. राजेश (सरकारी अस्पताल, पलवल) और हवलदार अंकुर (निवासी आलदोका) के रूप में हुई है।

शहर थाना प्रभारी जय भगवान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिसे लेकर पीड़िता ने पुलिसिया कार्रवाई की सुस्त रफ्तार और भटकाने के रवैये पर भी सवाल खड़े किए हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!