Search

मोरनी के विकास का नया युग शुरू - विधायक शक्ति रानी शर्मा ने सीएम सैनी का किया हार्दिक धन्यवाद

May 20, 2026 4:19 PM

कालका: कालका विधानसभा क्षेत्र की विधायक शक्ति रानी शर्मा ने मोरनी क्षेत्र के लिए हरियाणा सरकार द्वारा गेस्ट हाउस एवं होम स्टे नीति को स्वीकृति दिए जाने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय मोरनी क्षेत्र के विकास, रोजगार और पर्यटन को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम है। शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि मोरनी हरियाणा का एकमात्र पर्वतीय क्षेत्र है, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और पर्यटन की अपार संभावनाओं के लिए पूरे प्रदेश में प्रसिद्ध है। लंबे समय से यहाँ के लोग चाहते थे कि ऐसी नीति बनाई जाए जिससे स्थानीय परिवार अपने घरों को गेस्ट हाउस और होम स्टे के रूप में चला सकें और पर्यटन से सीधे लाभ उठा सकें। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनता की इस मांग को स्वीकार कर मोरनी के लोगों को एक बड़ी सौगात दी है।

उन्होंने कहा कि इस नीति के लागू होने से मोरनी क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियाँ तेजी से बढ़ेंगी। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी और स्थानीय लोगों को अपने घरों से ही आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा, महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे तथा छोटे व्यापारियों, टैक्सी चालकों, दुकानदारों और पर्यटन से जुड़े सभी लोगों को सीधा लाभ होगा। विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि यह नीति केवल गेस्ट हाउस खोलने की अनुमति भर नहीं है, बल्कि मोरनी क्षेत्र के आर्थिक विकास का मजबूत आधार है। इससे क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा मोरनी की पहचान राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि मोरनी क्षेत्र के लोगों ने वर्षों तक इस प्रकार की नीति की मांग की थी। आज यह सपना साकार हुआ है। यह निर्णय आने वाले वर्षों में मोरनी की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल देगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा सरकार, पर्यटन विभाग और संबंधित अधिकारियों का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि यह निर्णय मोरनी क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। अंत में विधायक शक्ति रानी शर्मा ने मोरनी क्षेत्र के सभी निवासियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और पर्यटन से जुड़े लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा: “यह ऐतिहासिक निर्णय मोरनी क्षेत्र के विकास, रोजगार और पर्यटन के नए द्वार खोलेगा। आने वाले समय में मोरनी हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बनेगा। मैं मोरनी क्षेत्र के सभी नागरिकों को इस बड़ी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देती हूँ।”

You may also like:

Please Login to comment in the post!