Search

हांसी में महादेव डेयरी प्लांट में गंदगी के बीच मिला हजारों लीटर दूध, केमिकल बरामद

May 27, 2026 12:46 PM

हांसी। खाने-पीने की चीजों में मिलावट करने वालों के खिलाफ हरियाणा सरकार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में बुधवार को हांसी के ढाणी पीर वाली गांव में स्थित 'महादेव डेयरी रॉ मिल्क चिलिंग प्लांट' पर मुख्यमंत्री उड़न दस्ते और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक छापा मारा। टीम जब प्लांट के भीतर दाखिल हुई तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। पूरे परिसर में असहनीय बदबू फैली हुई थी और उसी अस्वच्छ माहौल में हजारों लीटर दूध बड़े-बड़े कंटेनरों में स्टोर करके रखा गया था।

सफाई के नियम ताक पर, छानने वाले बर्तनों पर जमी थी मैल

जांच के दौरान सामने आया कि प्लांट संचालक द्वारा स्वच्छता और फूड सेफ्टी के मानकों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। जिस दूध को रोजाना हजारों घरों में सप्लाई किया जाता है, उसे प्रोसेस और फिल्टर करने वाले उपकरण गंदगी से सने हुए थे। इसके अलावा, टीम को तलाशी के दौरान परिसर से कुछ संदिग्ध केमिकल भी हाथ लगे हैं। अधिकारियों को अंदेशा है कि इन केमिकल्स का प्रयोग दूध को फटने से बचाने या उसकी सघनता बढ़ाने के लिए किया जा रहा था, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है।

तीन जिलों की पुलिस ने घेरा प्लांट, एफएसओ ने भरे सैंपल

इस पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया। अभियान की कमान सीएम फ्लाइंग के इंचार्ज इंस्पेक्टर रोहताश संभाल रहे थे, जिसमें जींद, सोनीपत और हांसी के सब इंस्पेक्टर विजेंद्र, पवन और एएसआई कर्मबीर व चरण सिंह शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से फूड सेफ्टी ऑफिसर (FSO) काजल मेहता ने मौके पर पहुंचकर दूध और बरामद केमिकल्स के सैंपल सील किए। इन सैंपलों को तुरंत राजकीय लैब में परीक्षण के लिए भिजवा दिया गया है।

रिपोर्ट आने के बाद दर्ज होगी एफआईआर, आगे भी जारी रहेगी सख्ती

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि इस प्लांट में पाई गई कमियों की एक विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। FSO काजल मेहता के अनुसार, प्रयोगशाला से रिपोर्ट आते ही प्लांट संचालक के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सीएम फ्लाइंग ने चेतावनी दी है कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी मिलावटखोर को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में जिले की अन्य डेयरियों पर भी इस तरह का औचक निरीक्षण जारी रहेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!