मंडलायुक्त ने किया मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण, मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की जांची जमीनी हकीकत

Narnaul News: गुरुग्राम मंडल के आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता ने शुक्रवार को जिले के गांव मिर्जापुर, बाछौद, सैनी स्कूल नारनौल व रघुनाथपुरा मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर 2026) के कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने नागरिकों से प्राप्त हो रहे दावों और आपत्तियों की बारीकी से समीक्षा की और निर्वाचन कार्य में लगे बूथ स्तर के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता को भी परखा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है की जो युवा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं या जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं। इसके अतिरिक्त जिन मतदाताओं के विवरण जैसे नाम, आयु, पता या फोटो में कोई अशुद्धि है, वे भी मौके पर जाकर सुधार करवा सकते हैं।
इस दौरान नारनौल एसडीएम अनिरुद्ध यादव, कनीना के एसडीएम डॉ. जितेंद्र कुमार, नांगल चौधरी एसडीएम उदय सिंह तथा चुनाव तहसीलदार सुरेंद्र सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
